द्रौपदी मुर्मू भोपाल पहुंची, पटेल और चौहान ने की अगवानी

WhatsAppFacebookTwitterLinkedIn

भोपाल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक दिवसीय यात्रा पर आज यहां विशेष विमान से राजा भोज हवाईअड्डे पर पहुंची, जहां राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और अन्य गणमान्य नागरिकों ने उनकी अगवानी की।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार हल्की फुहारों के बीच गरिमामय तरीके से राष्ट्रपति की अगवानी की गयी। इस अवसर पर गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, गणमान्य नागरिक और सेना, प्रशासन तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनकी अगवानी की।

सूत्रों ने कहा कि कुछ क्षणों के बाद राष्ट्रपति रवींद्र भवन के लिए रवाना हो गयीं, जहां वे साहित्य, कला और संस्कृति से जुड़े आयोजन में शामिल होंगी। इस आयोजन के बाद राष्ट्रपति कुछ समय राजभवन में बिताएंगी और अपरान्ह बाद विशेष विमान से वापस रवाना हो जाएंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया एशिया के सबसे बड़े साहित्य उत्सव ‘उत्कर्ष’ और ‘उन्मेष’ का शुभारंभ

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को भोपाल प्रवास के दौरान यहां रवीन्द्र भवन में आयोजित एशिया के सबसे बड़े भारत की लोक एवं जनजातीय अभिव्यक्तियों के राष्ट्रीय उत्सव ‘उत्कर्ष’ और ‘उन्मेष’ का शुभारंभ किया। यह तीन दिवसीय उत्सव पांच अगस्त चलेगा, जिसमें देशभर के 500 कलाकार इस कार्यक्रम में नृत्य प्रस्तुति देंगे।

इससे पहले राष्ट्रपति मुर्मू विशेष विमान से सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे भोपाल पहुंची। यहां राजाभोज विमानतल पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने स्वागत कर उनकी आत्मीय अगवानी की। विमानतल से राष्ट्रपति सीधे रवींद्र भवन पहुंची। यहां उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर एशिया के सबसे बड़े साहित्य उत्सव उन्मेष और लोक व जनजातीय अभिव्यक्तियों के कला उत्सव उत्कर्ष का शुभारंभ किया। यहां कलाकारों ने विभिन्न लोक नृत्यों की प्रस्तुति से राष्ट्रपति का स्वागत किया।

Share Reality:
WhatsAppFacebookTwitterLinkedIn

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *