Good Governance -बोर्ड परीक्षाओं से पहले छात्रों को मिला पीएम मोदी का मार्गदर्शन

WhatsAppFacebookTwitterLinkedIn

Students received Guidance from PM Modi for their upcoming Board Exams Through Pareekshaw Par Charcha program. बोर्ड परीक्षाओं से पहले छात्रों को मिला पीएम मोदी का मार्गदर्शन, ‘परीक्षा पे चर्चा’ की नेताओं ने की जमकर सराहना

नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बोर्ड परीक्षाओं से पहले छात्रों के साथ संवाद को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत कई नेताओं ने सराहना की है। ‘परीक्षा पे चर्चा’ का कार्यक्रम संसद भवन के बाल योगी ऑडिटोरियम में भी रखा गया, जहां छात्रों के साथ मंत्रियों और भाजपा सांसदों ने हिस्सा लिया।

सपने न देखना क्राइम है, उन पर दृढ़ रहना जरूरी : पीएम मोदी

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को लेकर कहा, “छोटी-छोटी बातों के माध्यम से उन्होंने बहुत बड़ी-बड़ी कल्पना को जन्म दिया है। वे लगातार बच्चों से रूबरू होते हैं। इस बार देश के अनेक भागों में जाकर उन्होंने इस चर्चा को आगे बढ़ाया है।”

केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी की वाकई में बहुत अनोखी और आकर्षक अभिव्यक्ति करने की शैली है। जिन्होंने कार्यक्रम को देखा है, उन्होंने महसूस किया है। मुझे यह भी खुशी होती है कि हमने प्रधानमंत्री मोदी को सुना और छात्रों के माध्यम से देश की एक तस्वीर देखी। कार्यक्रम में जिन बच्चों ने भाग लिया, उनमें जिज्ञासा, हुनर और सीखने की क्षमता है। यह छात्रों के लिए भी खास पल रहा कि वे प्रधानमंत्री आवास पर खुद पीएम मोदी से रूबरू हुए और उनसे सवाल पूछे।”

‘परीक्षा पे चर्चा’ के बारे में जयंत चौधरी ने कहा, “पीएम मोदी भी अपने अनुभव को साझा करते हैं। ये सिर्फ छात्रों और शिक्षकों, मंत्रालय के अधिकारियों और सांसदों के लिए नहीं, बल्कि पूरे देशवासियों के लिए अनोखा अवसर होता है। जीवन पद्धति कैसी हो और कैसे अच्छे नागरिक बन सकते हैं, इस बारे में भी पीएम मोदी ने कई बातें कहीं।”

केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कार्यक्रम के बारे में कहा, “कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने बच्चों को समझाया कि परीक्षा से जुड़े तनाव और डर से कैसे निपटा जाए, मनोवैज्ञानिक दबाव उन पर कैसे असर डालता है, अभिभावक उनका कैसे साथ दे सकते हैं और सफलता पाने के कई टिप्स भी बताए।”

बीजेपी सांसद राजकुमार चाहर ने ‘परीक्षा पे चर्चा’ पर कहा, “यह कार्यक्रम हर वर्ष होता है और छात्रों को इसका इंतजार तो रहता ही है, हम लोगों को भी इसका इंतजार रहता है। जीवन की कला, जीवन में कैसे निर्णय लें और कैसे आगे पढ़ें, बहुत कुछ सीखने को मिलता है।”

उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है। एक अभिभावक के नाते प्रधानमंत्री मोदी छात्रों को सब कुछ सिखाते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार सुबह परीक्षा पे चर्चा के दौरान छात्रों से बातचीत की और कहा कि ऐसा नहीं सोचना चाहिए कि सुविधा होगी तभी क्षमता आएगी।” प्रधानमंत्री ने कहा कि ये सोच सही नहीं है। हमारे देश में बोर्ड परीक्षा में छोटे-छोटे गावों के बच्चे अच्छे अंक हासिल कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर देखे गए एक वीडियो का भी जिक्र बच्चों से किया। उन्होंने कहा कि इस वीडियो में एक व्यक्ति बैलगाड़ी में सामान भर कर रोजी रोटी कमाने के लिए जा रहा था। वहीं बैलगाड़ी के ऊपर उनका बच्चा सामान के ऊपर पूरे ध्यान से पढ़ाई कर रहा था। यानी वह बच्चा कंफर्ट की चिंता नहीं कर रहा था। बच्चों ने अपने सपनों के विषय में भी प्रधानमंत्री से प्रश्न किए।

लद्दाख की एक छात्रा ने प्रधानमंत्री से पूछा कि क्या बच्चों को बड़े सपने देखने चाहिए और सपनों को कैसे पूरा करें। इसके जवाब में प्रधानमंत्री ने कहा कि सपने न देखना तो क्राइम है। प्रधानमंत्री ने कहा कि लेकिन सपनों को गुनगुनाते रहना कभी काम नहीं आता है। प्रधानमंत्री ने छात्रों को बताया कि जीवन में सदैव कर्म को प्रधान रहना चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं जहां हूं वहां मुझे सफल होना है, तभी मैं आगे जाऊँगा।”

उन्होंने कहा कि अपने सपनों से जुड़े विषयों पर धीरे-धीरे रुचि बढ़ानी चाहिए और उनपर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने बच्चों से कहा कि हमें अपने मन के सपनों को हर किसी के आगे नहीं बोलते रहना चाहिए, लेकिन उन पर दृढ़ रहना चाहिए और उनको लिखकर रखना चाहिए। प्रधानमंत्री ने छात्रों को संबंधित विषय से जुड़े लोगों की बायोग्राफी पढ़ने की सलाह भी दी।

प्रधानमंत्री ने छात्रों से वैदिक मैथ पर भी बात की। दरअसल जब कुछ छात्रों ने गणित की तैयारी पर प्रधानमंत्री से प्रश्न किए तो प्रधानमंत्री ने उन्हें वैदिक मैथ के बारे में बताया। प्रधानमंत्री ने वैदिक मैथ से सीखने की सलाह दी। गौरतलब है कि छात्रों के मार्गदर्शन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक पुस्तक ‘एग्जाम वॉरियर्स’ भी लिखी है। इस पुस्तक का उद्देश्य युवाओं व छात्रों में परीक्षा के तनाव को कम करना है। पुस्तक में बताया गया है कि परीक्षा को कैसे एक उत्सव के रूप में लेना चाहिए। यह पुस्तक व्यावहारिक सुझावों के माध्यम से तनावमुक्त रहने व सफलता का मार्ग बताती है।

कई शिक्षाविद मानते हैं कि इस पुस्तक के माध्यम से प्रधानमंत्री ने शिक्षा के प्रति एक सकारात्मक और दूरदर्शी दृष्टिकोण प्रस्तुत किया है। इसमें छात्रों के ज्ञान और समग्र विकास को प्राथमिक महत्व दिया जाता है। प्रधानमंत्री हर किसी से परीक्षाओं को सही परिप्रेक्ष्य में रखने का आग्रह करते हैं, बजाय इसके कि इसे जीवन और मौत की स्थिति में अनावश्यक तनाव और दबाव की वजह बनाया जाए।

इस वर्ष परीक्षा पे चर्चा का यह 9वां संस्करण था। यह संवाद कार्यक्रम कक्षा 6 और उससे ऊपर के छात्रों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के लिए था। परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 4 करोड़ 50 लाख 13,379 लोगों ने परीक्षा पे चर्चा का हिस्सा बनने के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवाया था। इनमें छात्र, शिक्षक व अभिभावक शामिल हैं। शुक्रवार को आयोजित इस संवाद कार्यक्रम को हजारों विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम को लाइव देखने की समुचित व्यवस्था की गई थी।

इस संवाद के माध्यम से प्रधानमंत्री सभी से यह आग्रह करते आए हैं कि परीक्षाओं को सही परिप्रेक्ष्य में देखें, उन्हें जीवन-मरण का प्रश्न बनाकर अनावश्यक तनाव और दबाव न पैदा करें। इस वर्ष भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन के चैनलों डीडी नेशनल, डीडी न्यूज़, डीडी इंडिया सहित प्रमुख निजी टीवी चैनलों पर किया गया। इसके अलावा आकाशवाणी (एमडब्ल्यू एवं एफएम) पर भी इसका प्रसारण हुआ। डिजिटल माध्यमों पर यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री कार्यालय, शिक्षा मंत्रालय, दूरदर्शन, माईगोव जैसे वेब प्लेटफॉर्म्स तथा यूट्यूब (शिक्षा मंत्रालय), फेसबुक लाइव और स्वयं प्रभा चैनलों पर उपलब्ध था।

Share Reality:
WhatsAppFacebookTwitterLinkedIn

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *