Special report -राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभा रहे हैं सफाई मित्र: मुर्मू

WhatsAppFacebookTwitterLinkedIn

President Murmu In Ujjain Madhya Pradesh.

उज्जैन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज सफाई मित्रों का सम्मान करते हुए कहा कि सफाई मित्र राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभा रहे हैं और उनका सम्मान करके हम वास्तव में अपना गौरव बढ़ा रहे हैं।

श्रीमती मुर्मू मध्यप्रदेश के अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान यहां इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन रोड के भूमिपूजन कार्यक्रम एवं सफाई मित्र सम्मेलन को संबोधित कर रहीं थीं। इस दौरान राज्यपाल मंगु भाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसी सिलावट और गौतम टेटवाल भी उपस्थित थे।

समारोह के दौरान राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू ने कहा कि उन्होंने जनसेवा का कार्य स्वच्छता कार्यों से ही शुरु किया था। वे साफ सफाई के काम का निरीक्षण करती थीं। सफाई मित्रों से भी बात करती थीं।

उन्होंने कहा कि अब स्वच्छता जन आंदोलन बन गया है। स्वच्छ भारत मिशन से देश में जागरुकता बढ़ी है। खुले में शौच से मुक्ति के लिए 11 करोड़ से अधिक शौचालय बनाए गए हैं। महिलाओं की गरिमा बनाए रखने में इस अभियान की अहम भूमिका है। एक रिपोर्ट के अनुसार इस मिशन से बच्चों की मृत्यु दर में भी कमी आई है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश का इंदौर लगातार सात बार देश का सबसे स्वच्छ शहर बना है। भोपाल भी सबसे स्वच्छ राजधानी है। स्वच्छता के क्षेत्र में मध्यप्रदेश की कई उपलब्धियां हैं।

समारोह में उन्होंने चार महिलाओं समेत पांच सफाई मित्रों का सम्मान किया। इस सम्मान के संदर्भ में उन्होंने कहा कि सफाई मित्र अग्रिम पंक्ति के स्वच्छता योद्धा हैं, जो हमें बीमारी और गंदगी से सुरक्षा प्रदान करते हैं। ये राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभा रहे हैं। सफाई मित्रों का सम्मान करके हम वास्तव में अपना गौरव बढ़ा रहे हैं। सफाई मित्रों की गरिमा, सुरक्षा एवं कल्याण सुनिश्चित करना सरकार और समाज का अहम दायित्व है। इनके कल्याण के लिए कई कार्य किए जा रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार की कई योजनाओं से उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। मध्यप्रदेश में कई शहरों को सफाई मित्र सुरक्षित शहर घोषित किया गया है।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के दूसरे चरण के तहत हमें संपूर्ण स्वच्छता का लक्ष्य प्राप्त करना है।समारोह में राष्ट्रपति ने इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि उज्जैन में आधुनिक विकास के लिए कई प्रयास हो रहे हैं। राज्य में रेलवे और एयर कनेक्टिविटी लगातार बढ़ रही है।

Share Reality:
WhatsAppFacebookTwitterLinkedIn

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *