आम बजट से किसानों, युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों सहित हर वर्ग की आकांक्षाएं होंगी पूरी: मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने तीसरे कार्यकाल के पहले बजट को आम नागरिकों को समर्पित बताते हुए कहा कि इस बजट से किसानों, युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों सहित हर वर्ग की आकांक्षाएं पूरी होंगी और देश की विकास यात्रा भी तेज होगी।
श्री मोदी ने आम बजट 2025-26 पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा, “आज भारत के विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। ये 140 करोड़ भारतीयों के आकांक्षाओं का बजट है, ये हर भारतीय के सपनों को पूरा करने वाला बजट है।”
उन्होंने कहा कि हमने कई सेक्टर युवाओं के लिए खोल दिए हैं। ये विकसित भारत के मिशन को ड्राइव करने वाला है, ये बजट प्रगति को कई गुना बढ़ाने वाला है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आमतौर पर बजट का फोकस इस बात पर रहता है कि सरकार का खजाना कैसे भरेगा, लेकिन ये बजट उससे बिलकुल उल्टा है। ये बजट, देश के नागरिकों की जेब कैसे भरेगा, देश के नागरिकों की बचत कैसे बढ़ेगी और देश के नागरिक विकास के भागीदार कैसे बनेंगे।ये बजट इसकी एक बहुत मजबूत नींव रखता है।

श्री मोदी ने कहा कि आज देश ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र को लेकर चल रहा है। इस बजट में इसके लिए बहुत महत्वपूर्ण और ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस बजट में एक करोड़ पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए ‘ज्ञान भारत मिशन’ को शुरू किया गया है। सुधारों के संदर्भ में इस बजट में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि परमाणु ऊर्जा में निजी क्षेत्र को प्रोत्साहित करना ऐतिहासिक है। यह देश के विकास में असैन्य परमाणु ऊर्जा का बड़ा योगदान सुनिश्चित करेगा। इसके अलावा बुनियादी ढांचे के लिए आवंटन से देश में बड़े जहाजों के निर्माण को बढ़ावा मिलेगा। इसके अतिरिक्त, यह आत्मनिर्भर पहल को तेज करेगा। जहाज निर्माण एक ऐसा क्षेत्र है जो रोजगार के महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। इसके अलावा, देश में पर्यटन विकास की विशाल क्षमता है।
श्री मोदी ने कहा कि देश के अनुसूचित जाति, जनजाति, और महिला… जो नए उद्यमी बनना चाहते हैं, उनके लिए बिना गारंटी के दो करोड़ रुपये तक के लोन की योजना भी लाई गई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बजट में 12 लाख रुपये प्रति वर्ष तक की आय को कर मुक्त कर दिया गया है। सभी आय समूहों के लिए, करों को कम किया गया है। इससे हमारे मध्यम वर्ग को बहुत लाभ होगा। इसी तरह, यह उन लोगों के लिए एक अवसर होगा जो हाल ही में कार्यबल में शामिल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि नए युग की अर्थव्यवस्था को ध्यान में रखते हुए, गिग श्रमिकों के लिए एक बड़ी घोषणा की गई है। पहली बार ई-श्रम पोर्टल पर गिग वर्कर्स का पंजीकरण किया जाएगा। उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिलेगा। यह श्रम की गरिमा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

बजट सरकार का ‘मास्टर स्ट्रोक’ है: नायडू
नागर विमानन मंत्री के राम मोहन नायडू ने वित्त वर्ष 2025-26 के बजट को सरकार का ‘मास्टर स्ट्रोक’ करार देते हुये कहा कि इस पर कहने के लिये विपक्ष के पास कुछ नहीं है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के शनिवार को संसद में अपना आठवां और मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला बजट पेश किया।
श्री नायडू ने संसद भवन परिसर में बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये कहा कि सरकार ने बजट के रूप में ‘मास्टर स्ट्रोक’ लगाया है। सरकार ने बजट पर कुछ कहने का विपक्ष को मौका ही नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि यह मध्यम वर्ग और आम आदमी का हितैषी बजट है।
भारतीय जनता पार्टी के सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि यह सभी वर्गों का ख्याल रखने वाला बजट है। इसमें मध्यम वर्ग को राहत देने के खास प्रावधान किये गये हैं। बजट में कृषि और शिक्षा के विकास के लिये समुचित धन की व्यवस्था की गयी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद में शनिवार को पेश वित्त वर्ष 2025-26 के बजट को देशवासियों के आकांक्षाओं का बजट बताते हुए कहा कि इससे बचत, निवेश, उपभोग और आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा मिलेगा।

श्री मोदी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट भाषण के बाद इसके प्रस्ताव पर टिप्पणी करते हुए कहा, “आज भारत की विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं और सपनों को पूरा करने वाला बजट है।” उन्होंने कहा कि हमने कई सेक्टर युवाओं के लिए खोल दिये हैं। यह क्षेत्र विकसित भारत के मिशन को आगे बढ़ाने वाले हैं। यह बजट गुणक प्रभाव पैदा करने वाला बजट है। इस बजट से बचत, निवेश, उपभोग और आर्थिक वृद्धि बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि आमतौर पर बजट का फोकस इस बात पर रहता है कि सरकार का खजाना किस तरह बढ़ेगा, लेकिन इस बजट पर इस बात पर फोकस है कि नागरिकों की जेब कैसे बढ़ेगी, उनकी बचत कैसे बढ़ेगी और विकास के भागीदार कैसे बनेंगे। श्री मोदी ने कहा, “यह बजट इसकी मजबूत नींव रखता है।”
बजट आत्मनिर्भर भारत का रोड़मैप: शाह
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आम बजट को विकसित और हर क्षेत्र में श्रेष्ठ भारत के निर्माण की दिशा में मोदी सरकार की दूरदर्शिता का ब्लूप्रिंट करार दिया है।
श्री शाह ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए शनिवार को लोकसभा में पेश आम बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “बजट-2025 विकसित और हर क्षेत्र में श्रेष्ठ भारत के निर्माण की दिशा में मोदी सरकार की दूरदर्शिता का ब्लूप्रिंट है। किसान, गरीब, मध्यम वर्ग, महिला और बच्चों की शिक्षा, पोषण व स्वास्थ्य से लेकर स्टार्ट अप, नवाचार और निवेश तक, हर क्षेत्र को समाहित करता यह बजट मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत का रोडमैप है।” उन्होंने कहा, “इस सर्वसमावेशी और दूरदर्शी बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई देता हूँ।”