Varanasi – DM and Additional Commissioner of Police warned boat owners and public transport owners to not to break rules. They insisted on strict action on the law breakers and non-following of the advisory about the number of pilgrims to be boarded on boats and tempos. महाकुंभ 2025 : नावों पर क्षमता से अधिक यात्री बैठाने पर कार्रवाई, वर्जित क्षेत्र में गाड़ी ले जाने वालों की खैर नहीं, डीएम और एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने दी चेतावनी
वाराणसी, महाकुंभ के दौरान गंगा स्नान व बाबा विश्वनाथ के दर्शन को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। जिलाधिकारी एस राजलिंगम और एडिशनल पुलिस कमिश्नर डा. एस चिन्नप्पा ने गिरजाघर से गोदौलिया होते हुए विश्वनाथ धाम तक निरीक्षण किया। वहीं घाटों का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने क्षमता से अधिक यात्रियों को नावों पर बैठाने वाले नाविकों और वर्जित क्षेत्र में वाहन ले जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी और अपर पुलिस आयुक्त गिरजाघर व गोदौलिया चौराहे से पैदल चलते हुए दशाश्वमेध घाट पहुंचे। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को निर्देश दिया। वहीं लोगों से भी आवश्यक सहयोग करने व कतारबद्ध होकर चलने की अपील की। दोनों अधिकारियों ने दशाश्वमेध घाट, मान मंदिर घाट,त्रिपुर घाट, ललिता घाट और मर्णिकनिका घाट और काशी विश्वनाथ धाम कारिडोर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के पुख्ता सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। उन्होंने घाट पर एनडीआरएफ और जल पुलिस के तैनात अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी नाव संचालक बिना लाइफ जैकेट और क्षमता से अधिक लोगों को नाव में न बैठाए,यह सुनिश्चित किया जाए।

क्षमता से अधिक यात्री बैठाने वालों व नियम तोड़ने वालो के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। मंदिर गेट से मैदागिन तक के वाहन प्रवेश वर्जित क्षेत्र में उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को वाहन ले जाने वाले चालकों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीसीपी काशी जोन गौरव वंशवाल, एडीसीपी सरवनन टी सहित पुलिस विभाग अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
शिवरात्रि पर्व पर लोधेश्वर में लगने वाले मेले को लेकर अधिकारियों ने लिया जायजा
बाराबंकी, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने शनिवार की शाम को महादेवा का पहुंचे। दर्शन पूजन करने के बाद अधिकारियों ने यहां पर लगने वाले मेले की तैयारियों को लेकर जायजा लिया।

फाल्गुनी मेले के दृष्टिगत दोनों अधिकारियों ने लाव लश्कर के साथ पूरे मेले परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने भगवान लोधेश्वर महादेव की पूजा अर्चना कर तैयारी व्यवस्थाएं देखी। सबसे पहले जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी मरकामऊ बाईपास पर बने कटका नाले के क्षतिग्रस्त पुल को देखा कि डाइवर्जन किस तरह होगा। पुल क्षतिग्रस्त होने की वजह से उन्होंने अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी व अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड को इसका समाधान करने के लिए कहा। उसके बाद वह लोधेश्वर महादेवा मंदिर पहुंचे, यहां उन्होंने पूरे मेला परिसर घूमकर अधिकारियों से जानकारी ली।

जिलाधिकारी को पुलिस अधीक्षक ने बोहनिया तालाब अभरन तालाब मेला बाग दिखाकर मेले के बारे में जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा फाल्गुनी मेला बहुत अच्छे से कराया जाएगा सारी व्यवस्थाएं बहुत जल्द शुरू हो जाएंगी। चार फरवरी को मातहतों के साथ बैठक कर तैयारी शुरू करने को कहा गया। इस दौरान उप जिलाधिकारी पवन कुमार, तहसीलदार भूपेंद्र विक्रम सिंह, नायब तहसीलदार अश्वनी कुमार,बी डी ओ सूरतगंज देवेंद्र सिंह, थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी और चौकी प्रभारी महादेवा संतोष त्रिपाठी सहित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।