Delhi Elections – जनता ने भ्रष्टाचारियों को दे दी है सजा : बिधूड़ी

WhatsAppFacebookTwitterLinkedIn

Shri Ramveer Singh Bidhuri stated that Delhi election results is a document that public knows what is the punishment of corruption. He further said that this is a defeat of Kejriwal’s lies, corruption and Forgery.

दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर जहां प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री श्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा जी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया है, वहीं उन्होंने कहा है कि यह अरविंद केजरीवाल के भ्रष्टाचार, झूठ, फरेब और अहंकार की हार है। बिधूड़ी ने कहा कि इस हार के बाद अब केजरीवाल को आम आदमी पार्टी के संयोजक पद से भी इस्तीफा दे देना चाहिए।

बिधूड़ी ने कहा कि यह सिर्फ संयोग नहीं है कि जनता ने उन सभी नेताओं को नकार दिया है जो भ्रष्टाचार के आरोप में जेल गए थे। केजरीवाल के अलावा मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को अदालत कानूनी प्रक्रिया के बाद ही सजा देगी लेकिन जनता ने अपना फैसला सुना दिया है। केजरीवाल ने चुनावों से पहले कहा था कि वह जनता की अदालत में जा रहे हैं और जनता अपना फैसला सुनाएगी। जनता ने इन सभी नेताओं के साथ—साथ झूठ और फरेब की राजनीति करने वाले सौरभ भारद्वाज को भी नहीं बख्शा और मुख्यमंत्री आतिशी भी बाल—बाल बची हैं। ऐसी हालत में इस चौकड़ी को अब राजनीति से ही अलग हो जाना चाहिए।

बिधूड़ी ने कहा कि जनता ने न केवल आम आदमी पार्टी को भ्रष्टाचार और जनता से किए वादों को पूरा न करने का दंड दिया है, वहीं दिल्ली ने भाजपा पर अपार विश्वास किया है। भाजपा चुनावों में किए गए हर वादे को पूरा करके जनता के जख्मों पर मरहम लगाएगी और दिल्ली को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सपनों की विकसित तथा खुशहाल राजधानी बनाएगी।

सिरसा ने जताया राजौरी गार्डन के मतदाताओं का आभार जताया

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव और राजौरी गार्डन से नवनिर्वाचित विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिल्ली के सभी मतदाताओं, विशेष रूप से राजौरी गार्डन के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है, जिन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को प्रचंड जनादेश दिया। उन्होंने जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करने का संकल्प लिया।

राजौरी गार्डन सीट से 18, 190 वोटों से जीत दर्ज करने के बाद अपने संदेश में सिरसा ने कहा कि वह राजौरी गार्डन के सभी मतदाताओं और दिल्ली की जनता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं, जिन्होंने दिल्ली को स्वच्छ, विकसित और सुंदर राष्ट्रीय राजधानी बनाने के लिए भाजपा को वोट दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे आने वाले पांच वर्षों में राजौरी गार्डन क्षेत्र के विकास और जनता के जीवन स्तर को सुधारने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि सेवाओं की त्वरित और प्रभावी डिलीवरी सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होगी, ताकि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हो सके।

भाजपा प्रदेश कार्यालय पर नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच जीत के जश्न का माहौल

भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली प्रदेश कार्यालय में शनिवार को मतगणना के बाद से ही जश्न का माहौल बना हुआ है। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में काफी उत्साह दिखाई दे रहा है।

भाजपा प्रवक्ता शुभेंदु शेखर अवस्थी ने कहा कि 27 साल बाद भाजपा दिल्ली में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बना रही है। भाजपा ने जितने भी वादे किए हैं वे सारे वादे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पूरे किए जाएंगे। आआपा की सरकार ने पिछले दस साल से दिल्ली में भ्रष्टाचार को ही बढ़ाया है और आज उसका परिणाम है कि आम आदमी पार्टी (आआपा) आज दिल्ली हार रही है। दिल्ली की जनता ने मोदी की गारंटी पर भरपूर विश्वास दिखाया है। दिल्ली की जनता इस बार दिल्ली में विकास चाहती है। उन्होंने कहा कि आआपा ने पिछले दस साल में दिल्ली को गंदे नाले, सीवर, पानी की समस्या के अलावा कुछ नहीं दिया। भाजपा के आने से इन सभी समस्याओं से दिल्ली की जनता को छुटकारा मिलेगा।

वहीं भाजपा के एक कार्यकर्ता ने बताया कि केजरीवाल 2024 में दावा कर रहे थे कि 2025 विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बना रहे हैं, लेकिन इस बार दिल्ली की जनता ने दिखा दिया कि अब नहीं सहेंगे बदलके रहेंगे। एक अन्य कार्यकर्ता ने कहा कि दिल्ली की जनता विकास चाहती थी जो केजरीवाल पिछले दस साल में नहीं कर पाए। इसलिए दिल्ली में भाजपा सरकार बनाने जा रही है ताकि राजधानी में बदलाव हो और दिल्ली को स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जा सके। उल्लेखनीय है कि दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की ऐतिहासिक जीत होती नजर आ रही है।

Share Reality:
WhatsAppFacebookTwitterLinkedIn

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *