Sports – रोहित का शानदार शतक, भारत ने इंग्लैंड को चार विकेट से हराकर जीती सीरीज

WhatsAppFacebookTwitterLinkedIn

Golden Batsman and Captain of Indian Cricket team Rohit Sharma returned to his usual best form and registered his 38th century and match victory by 4 wickets against England in cricket series took place in Odisha Katak.

कटक, रवींद्र जडेजा (तीन विकेट) की घातक गेंदबाजी के बाद भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा (119) की शतकीय, शुभमन गिल (60) और अक्षर पटेल (नाबाद 41) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर भारत रविवार को दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में इंग्लैंड को 33 गेंदे शेष रहते चार विकेट से हरा दिया है। इसी के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली हैं।

इंग्लैंड के 304 रनों के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी रोहित शर्मा और शुभमन गिल की भारतीय सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 136 रनों की साझेदारी की। 17वें ओवर में जेमी ओवर्टन ने शुभमन गिल को आउट कर इंग्लैंड को पहली सफलता दिलाई। गिल ने 52 गेंदों में नौ चौके और एक छक्का लगाते हुए (60) रन बनाये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये विराट कोहली एक बार फिर विफल रहे। उन्हें आदिल रशीद ने (पांच) रन पर पवेलियन भेज दिया। इस दौरान रोहित शर्मा एक छोर पर डटे रहे और उन्होंने अपना 32वां शतक पूरा किया।

30वें ओवर में लियम लिविंगस्टन ने रोहित को आदिल रशीद के हाथों कैच आउट कराकर भारत को बड़ा झटका दिया। रोहित ने 90 गेंदों में 12 चौके और सात छक्के लगाते हुए (119) रनों की पारी खेली। 37वें ओवर में अपने अर्धशतकी की ओर बढ़ रहे श्रेयस अय्यर रनआउट हुये। श्रेयस अय्यर ने 47 गेंदों तीन चौके ओर एक छक्का लगाते हुए (44) रन बनाये। जेमी ओवर्टन की गेंद पर सॉल्ट के एल राहुल (10) का कैच पकड़ा। हार्दिक पंड्या (10) रूप में भारत का छठा विकेट गिरा। उन्हें गस ऐटकिंसन ने आउट किया। भारत ने 44.3 ओवर में 308 रन बनाकर मुकाबला चार विकेट से जीत लिया। अक्षर पटेल (41) और रवींद्र जडेजा (11) रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की ओर से जेमी ओवर्टन ने दो विकेट लिये। आदिल रशीद, गस ऐटकिंसन और लियम लिविंगस्टन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां बाराबती स्टेडियम में इंग्लैंड के कप्तान जॉस बटलर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी फिल सॉल्ट और बेन डकेट की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 81 रन जोड़े। 11वें ओवर में वरूण चक्रवर्ती ने फिल सॉल्ट (26) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये जो रूट ने बेन डकेट के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। 16वें ओवर में रवींद्र जडेजा ने बेन डकेट को आउटकर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। बेन डकेट ने 56 गेंदों में 10 चौके लगाते हुए (65) रनों की पारी खेली। हैरी ब्रूक (31) को हर्षित राणा ने और कप्तान जॉस बटलर (34) को हार्दिक पंड्या ने आउट किया।

इंग्लैंड ने शुरुआती 10 ओवरों में जहां तेजी के साथ आठ रन से अधिक की औसत के साथ रन बटोरे, वहीं उसके बाद भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे उसके रनों की रफ्तार धीमी होती चली गई। 43वें ओवर में रवींद्र जडेजा ने जाे रूट को आउटकर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। जो रूट ने 72 गेंदों में छह चौकों की मदद से (69) रन बनाये। इसके बाद जडेजा ने जेमी ओवर्टन (छह) को भी अपना शिकार बना लिया। गस ऐटकिंसन (तीन) को शमी ने आउट किया। आठवें विकेट के रूप में आदिल रशीद (14) रनआउट हुये। आखिरी ओवर में लियम लिविंगस्टन (41) और मार्क वुड (शून्य) पर रनआउट हुये। इंग्लैंड की पूरी टीम 49.5 ओवर में 304 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने तीन विकेट लिये। मोहम्मद शमी, हर्षित राणा, हार्दिक पंड्या और वरूण चक्रवर्ती ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

फॉर्म में लौटे रोहित, जड़ा 32वां शतक

कटक, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने रविवार को ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए अपने एकदिवसीय करियर का 32वां शतक लगाया। बाराबटी स्टेडियम में आज रोहित ने अपनी फॉर्म को हासिल करते हुए 10 चौके और सात छक्के लगाते हुए अपना शतक बनाया। उन्होंने आदिल रशीद की गेंद पर छक्का लगाकर अपना 32वां एकदिवसीय शतक पूरा किया। रोहित का यह शतक 475 दिनों बाद आया है। चैंपियंस ट्रॉफी से पहले फॉर्म में लौटते हुए शानदार छक्के मारे और क्रिस गेल के एकदिवसीय में सबसे ज्यादा छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। गेल के नाम एकदिवसीय में में 331 छक्के हैं। रोहित इससे आगे निकल गए। रोहित ने 22 रन का आंकड़ा छूते हुए भारत के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ को पीछे कर दिया। अब रोहित एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे अधिक रनों के मामले में राहुल से आगे निकल गए हैं। रोहित ने एकदिवसीय करियर का आखिरी शतक अक्टूबर 2023 में अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में लगाया था। इस मैच में 84 गेंदों में 16 चौके और पांच छक्के लगाते हुए 131 रन बनाए थे।

रोहित शर्मा का धुआंधार शतक के साथ फॉर्म में लौटना टीम इंडिया के लिए शुभ संकेत

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा का चैंपियंस ट्रॉफी से पहले फॉर्म में लौटना टीम इंडिया के लिए शुभ संकेत है। रोहित ने अपनी हिटमैन इमेज के साथ न्याय करते हुए इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में शानदार शतकीय पारी खेली और एक बार चिर-परिचित अंदाज में दिखाई दिए। रोहित ने धुआंधार पारी खेलते हुए केवल 90 गेंदों पर 119 रन बनाए।

कप्तान रोहित शर्मा को इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड भी दिया गया क्योंकि भारत ने इंग्लैंड द्वारा बनाए गए 304 रनों के स्कोर के जवाब में 44.3 ओवर में ही 308 रन बनाकर मैच और सीरीज जीत ली है। हालांकि, तीन मैचों की सीरीज में एक और मुकाबला अभी बाकी है।

रोहित का अंदाज शानदार रहा क्योंकि उन्होंने 76 गेंदों पर यह शतक लगाकर अपने वनडे करियर की दूसरी सबसे तेज सेंचुरी लगाई। खराब फॉर्म से जूझ रहे किसी दिग्गज के लिए यह आंकड़ा उसकी क्लास को बयां करने के लिए काफी है। यह हेड कोच गौतम गंभीर के उस बयान से भी पूरी तरह मेल खाता है कि रोहित और कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ियों में देश के लिए खेलने और रन बनाने की भूख अभी बहुत बाकी है।

रोहित ने इससे पहले सबसे तेज शतक 63 गेंदों पर दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ बनाया था। कुल मिलाकर यह रोहित की वापसी है और आगे उनको यह लय बरकरार रखनी होगी। वह ऐसा करेंगे तो भारत के लिए चैंपियंस ट्रॉफी जैसे एक और बड़े आईसीसी टूर्नामेंट में खिताब के प्रबल दावेदार होंगे। इससे पहले रोहित की अगुवाई में भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप जीता था।

रोहित ने एक कप्तान के तौर पर भी यह शानदार जीत हासिल की। रोहित ने 50 वनडे मैचों में टीम का नेतृत्व किया और कई मैच जिताकर दिए। वह अब तक 36 वनडे जीत दर्ज कर चुके हैं। इस मामले में क्लाइव लॉयड, रिकी पोंटिंग और विराट कोहली जैसे कप्तान 50 वनडे मैचों में 39 जीत दर्ज कर चुके थे।

भारतीय टीम इस मुकाबले में विराट कोहली के साथ उतरी थी। हालांकि, भारत के पूर्व कप्तान 8 गेंदों पर 5 रनों की पारी खेलने के बाद आदिल रशीद की गेंद पर आउट हो गए। उनको लय में आना अभी बाकी है। भारतीय उपमहाद्वीप में पिचों की प्रकृति और वनडे फॉर्मेट में कोहली के शानदार रिकॉर्ड को देखते हुए माहौल विराट के भी अनुकूल है। उनको सिर्फ एक अच्छी पारी की दरकार है। कुल मिलाकर चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भारतीय टीम का विनिंग ट्रैक पर लौटना और कप्तान रोहित का पुराने अंदाज में शतक ठोकना टीम इंडिया के लिए शुभ संकेत है।

Share Reality:
WhatsAppFacebookTwitterLinkedIn

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *