Home Minister Amit Shah ji had an internal meeting with Top officials to take a fresh update on security status of Air-ports and Indo-pak border.
भारत एवं पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष के मद्देनजर गृह मंत्री अमित शाह ने पाकिस्तान के साथ लगती भारत की सीमा और देश के हवाई अड्डों पर मौजूदा स्थिति की शुक्रवार को समीक्षा की। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
इससे कुछ ही घंटों पहले सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने कहा कि उसने जम्मू में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार से घुसपैठ की कोशिश कर रहे सात आतंकवादियों को मार गिराया और पाकिस्तान रेंजर्स की एक चौकी को भी नष्ट कर दिया है।
सूत्रों ने बताया कि शाह ने भारत एवं पाकिस्तान की सीमा पर सुरक्षा संबंधी स्थिति की समीक्षा करने के अलावा देशभर के हवाई अड्डों पर सुरक्षा बढ़ाने के लिए उठाए गए कदमों का भी जायजा लिया।
सीमा सुरक्षा बल भारत-पाकिस्तान सीमा की सुरक्षा करता है तथा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) देश के हवाई अड्डों, मेट्रो नेटवर्क और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा का जिम्मा संभालता है।
शाह के साथ बैठक में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, खुफिया ब्यूरो के निदेशक तपन डेका और बीएसएफ, सीआईएसएफ एवं नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो के महानिदेशक शामिल हुए।
भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में कई स्थानों पर बुधवार को हमले किए। पाकिस्तान ने बृहस्पतिवार को भारतीय सैन्य स्थलों पर हमले के प्रयास किए जिन्हें भारतीय सशस्त्र बलों ने विफल कर दिया। इस घटनाक्रम के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है।
भारत-पाकिस्तान तनाव: नड्डा ने स्वास्थ्य व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा ने भारत-पाकिस्तान में जारी सैन्य संघर्ष के बीच देश के अस्पतालों के स्वास्थ्य प्रबंध की शुक्रवार को समीक्षा की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी।
बैठक के दौरान, स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें स्वास्थ्य व्यवस्था से संबंधित तैयारियों के बारे में जानकारी दी और बताया कि नियंत्रण केंद्र से पूरी निगरानी की जा रही है।

सूत्रों ने कहा कि नड्डा और उनकी टीम ने देश भर के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों की तैयारी का आकलन किया।
ऑपरेशन सिंदूर के मद्देनजर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को विभिन्न मंत्रालयों के सचिवों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की और राष्ट्रीय सुरक्षा व परिचालन तैयारियों के लिए सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हुए निरंतर सतर्कता व स्पष्ट संचार बनाए रखने का आह्वान किया।
पहलगाम में 22 अप्रैल के नरसंहार के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादियों के ठिकानों को नष्ट करने के बाद से नई दिल्ली और इस्लामाबाद के बीच तनाव बढ़ रहा है।
आरएसएस ने पाकिस्तान में आतंकियों के खिलाफ ‘निर्णायक कार्रवाई’ के लिए सरकार, सशस्त्र बलों को बधाई दी
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों और उनके आतंकी तंत्र के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई के लिए शुक्रवार को सरकार और सशस्त्र बलों को बधाई दी और कहा कि यह भारत की सुरक्षा के लिए आवश्यक और अपरिहार्य है।
आरएसएस ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत की गई कार्रवाई पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ितों को न्याय दिलाएगी और भारत के स्वाभिमान और मनोबल को बढ़ाएगी।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने एक बयान में कहा, ‘‘हम पहलगाम में निहत्थे पर्यटकों पर कायरतापूर्ण हमले के बाद पाक प्रायोजित आतंकवादियों और उनके समर्थक परितंत्र के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत की जा रही निर्णायक कार्रवाई के लिए भारत सरकार के नेतृत्व और सैन्य बलों का हार्दिक अभिनंदन करते हैं।’’
उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई ‘‘हिंदू यात्रियों के नृशंस हत्याकांड के बाद आहत परिवारों और पूरे देश को न्याय दिलाएगी।’’
संगठन ने कहा, ‘‘हमारा यह भी मानना है कि पाकिस्तान में आतंकवादियों, उनके ढांचे और सहयोगी तंत्र पर की जा रही सैन्य कार्रवाई देश की सुरक्षा के लिए आवश्यक और अपरिहार्य कदम है। राष्ट्रीय संकट की इस घड़ी में पूरा देश सरकार और सैन्य बलों के साथ खड़ा है।’’
उन्होंने भारत की सीमाओं पर धार्मिक स्थलों और नागरिक बस्तियों पर पाकिस्तानी सेना द्वारा किए जा रहे हमलों की भी निंदा की और पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
आरएसएस ने बयान में कहा, ‘‘इस चुनौतीपूर्ण समय में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सभी देशवासियों से सरकार और प्रशासन द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने का आह्वान करता है।’’
उसने कहा, ‘‘इसके साथ ही इस अवसर पर हम सबको अपने नागरिक कर्तव्य का निर्वहन करते हुए यह भी सावधानी रखनी है कि राष्ट्र विरोधी ताकतों के सामाजिक एकता और समरसता को भंग करने के किसी भी षड्यंत्र को सफल नहीं होने दें।’’
उन्होंने नागरिकों से देशभक्ति का परिचय देते हुए सेना एवं प्रशासन के लिए ‘‘जहां भी और जैसे भी’’ आवश्यकता हो, हरसंभव सहयोग के लिए तैयार रहने का आग्रह किया।
संघ प्रमुख और सर कार्यवाह ने लोगों से राष्ट्रीय एकता और सुरक्षा बनाए रखने के सभी प्रयासों को मजबूत करने की भी अपील की।
गत 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा मंगलवार और बुधवार की रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए जाने के बाद दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव बढ़ गया है।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने बृहस्पतिवार रात को श्रीनगर, अवंतीपुरा, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, बठिंडा, चंडीगढ़, नल, फलौदी, उत्तरलाई और भुज को निशाना बनाने का प्रयास किया।