Mirzapur Uttar Pradesh villager’s caught a rare wild animal Pangolin and handed over to Forest Authorities. मीरजापुर में दिखा दुर्लभ पैंगोलिन, ग्रामीणों ने सूझबूझ से पकड़ा
मीरजापुर, उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में राजगढ़ थाना क्षेत्र के ददरा मुतलके रामपुर गांव में शनिवार की आधी रात एक दुर्लभ वन्यजीव पैंगोलिन (शल्कधारी चींटीखोर) दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। पहले तो लोग इस अनोखे जीव को देखकर घबरा गए, लेकिन बाद में ग्रामीणों ने सूझबूझ से बिना किसी नुकसान के सुरक्षित पकड़ लिया और वन विभाग को सूचना दी।

ददरा पहाड़ी गांव निवासी राम सजीवन यादव के घर के आंगन में शनिवार रात करीब 12 बजे घर के लोगों ने एक अजीब दिखने वाला वन्यजीव देखा। जीव को देखते ही परिवार के सदस्य घबरा गए और पड़ोसियों को बुलाया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने सावधानी बरतते हुए काफी मशक्कत के बाद वन्यजीव को सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में उसकी पहचान पैंगोलिन के रूप में हुई, जो वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अत्यंत दुर्लभ और संरक्षित प्रजाति है। क्षेत्र में पहली बार इस जीव के दिखाई देने से लोगों में उत्सुकता के साथ-साथ आश्चर्य भी देखने को मिला।

ग्राम प्रधान बाबूनंदन यादव ने बताया कि पैंगोलिन को सुरक्षित उनके घर पर रखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी-112 पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वन विभाग को तत्काल सूचना दे दी गई है, ताकि टीम पहुंचकर दुर्लभ वन्यजीव को सुरक्षित उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ सके।
ग्रामीणों की जागरूकता और सतर्कता के चलते दुर्लभ वन्यजीव को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, जिसकी क्षेत्र में सराहना की जा रही है।