Thane Mumbai woman scammed by 4 Tantriks. The Gang robbed 5.6 lakhs worth cash and gold jewellery from her. The woman was made to believe that there is a treasure buried महिला से 5.6 लाख रुपये की ठगी, चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
ठाणे, महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 40 वर्षीय एक महिला के घर के नीचे खजाना दबा होने का झांसा देकर उसे निकालने के लिए कथित तौर पर काला जादू संबंधी अनुष्ठान करने के नाम पर उससे 5.6 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर उल्हासनगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन कानून के तहत जबरन वसूली, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी के आरोपों में मामला दर्ज किया है।

पीड़िता रेखा सुनील भोईर ने आरोप लगाया कि इस महीने की शुरुआत में आरोपियों बब्बू गुरु, पम्मी गुरु, गणेश पवार, गीता जाधव और अन्य लोगों ने उसे विश्वास दिलाया कि उसके घर के नीचे खजाना दबा हुआ है।
उसने आरोप लगाया कि खजाना निकालने के लिए तंत्र-मंत्र संबंधी अनुष्ठान करने के बहाने आरोपियों ने उससे चार लाख रुपये नकद और 1.6 लाख रुपये मूल्य का सोना ले लिया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने अनुष्ठान में इस्तेमाल होने वाली कुछ वस्तुएं भी कथित तौर पर जमीन में दबाईं और महिला के मन में डर पैदा किया। इसके बाद वे उसका नकद और सोना लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि फरार आरोपियों का पता लगाने के लिए एक टीम भेजी गई है।