Super CM Yogi praised Uttar Pradesh police and their sacrifices on the occasion of Police memorial day.
-पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर साझा की प्रदेश में आए बदलाव की नई तस्वीर
लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस स्मृति दिवस पर बलिदान हुए पुलिस कर्मियों को नमन किया। बुधवार को उन्होंने नए उत्तर प्रदेश में आए बदलाव की तस्वीर भी ‘एक्स’ पर साझा करते हुए कहा कि नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई भी नहीं है।
मुख्यमंत्री योगी ने लिखा कि आज पुलिस स्मृति दिवस पर मैं उन सभी वीर पुलिस कार्मिकों को कृतज्ञतापूर्वक नमन करता हूं, जिन्होंने देश की सुरक्षा, समाज की शांति और नागरिकों के जीवन की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। कर्तव्य की वेदी पर अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर पुलिस कार्मिकों का शौर्य, साहस और समर्पण हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार के कृत्यों पर भी प्रहार किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश में माफिया राज था। उस समय अराजक तत्वों के हौसले इतने बुलंद थे कि मथुरा के जवाहर बाग में कानून की रक्षा करते हुए वीर पुलिस अधिकारियों को प्राणों का बलिदान देना पड़ा।

पुलिस को मिली कार्रवाई की स्वतंत्रता
मुख्यमंत्री ने साफ किया कि नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं है। उत्तर प्रदेश उपद्रव से उत्सव प्रदेश बना है। पुलिस को अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की स्वतंत्रता मिली है। 2.26 लाख से अधिक पुलिस भर्तियों, प्रशिक्षण क्षमता में 10 गुना वृद्धि, सात बड़े शहरों में कमिश्नरेट प्रणाली, प्रत्येक जनपद में साइबर थाने तथा प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना से पुलिस व्यवस्था अधिक सक्षम, आधुनिक और जवाबदेह बनी है। गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत 88 हजार 973 अपराधियों पर कार्रवाई और 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति की जब्ती अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध हमारी दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि हमारा संकल्प है कि वीर पुलिस कार्मिकों के बलिदान और उनके परिवारों के त्याग को सदैव स्मरण रखते हुए हम उत्तर प्रदेश को सुरक्षित, न्यायपूर्ण और भयमुक्त बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
औरैया, उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती , अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा सहित समस्त क्षेत्राधिकारीगण एवं अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धा-सुमन अर्पित कर उनके अदम्य साहस, वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र व समाज की सुरक्षा के प्रति समर्पण को याद किया। उन्होंने देश और समाज की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों के त्याग, शौर्य और कर्तव्य के प्रति उनकी अटूट निष्ठा को स्मरण करते हुए कहा गया कि उनका बलिदान पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। पुलिसकर्मियों का समर्पण और साहस समाज की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कर्तव्यपथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
पुलिस स्मृति दिवस : जौनपुर पुलिस ने शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

जौनपुर, यूपी के जौनपुर में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन जौनपुर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की स्मृति में परेड आयोजित की गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने वीर शहीदों को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने अपने संबोधन में बीते एक वर्ष के दौरान कर्तव्य पालन करते हुए शहीद हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साहस, समर्पण और बलिदान को याद किया। उन्होंने उनकी शौर्यगाथा का उल्लेख करते हुए कर्तव्य के प्रति उनकी निष्ठा को प्रेरणादायक बताया।इसके बाद एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर चंद्रशेखर एवं ग्रामीण आतिश कुमार सिंह सभी सर्किल के क्षेत्राधिकारियों, प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन और उपस्थित पुलिसकर्मियों के साथ ‘पावन स्मृति पुस्तिका’ का पाठ किया। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी और पुष्पचक्र अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।पुलिस स्मृति दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के योगदान को याद किया गया।