Indian Bollywood Dancing Diva Actress Madhuri Dixit is celebrating her Birthday today. 15 मई आज 58 वर्ष की हुई माधुरी दीक्षित
बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री माधुरी दीक्षित आज 58 वर्ष की हो गई। माधुरी दीक्षित का जन्म 15 मई 1967 को मुंबई में एक मध्यमवर्गीय मराठी ब्राह्मण परिवार में हुआ। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मुंबई से हासिल की। इसके बाद उन्होंने मुंबई यूनिवर्सिटी में माइक्राबॉयलोजिस्ट बनने के लिये दाखिला ले लिया।

इस बीच उन्होंने लगभग आठ वर्ष तक कथक नृत्य की शिक्षा भी हासिल की। उन्होंने अपने सिने करियर की शुरूआत 1984 में राजश्री प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म अबोध से की थी। लेकिन वह उस समय तक अभिनेत्री बनने में कोई खास दिलचस्पी नहीं रखती थीं। गर्मी की छुट्टियों में फिल्म अबोध की शूटिंग खत्म कर माधुरी ने कॉलेज में दाखिला ले लिया।
फिल्म अबोध बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई, लेकिन माधुरी ने कई फिल्ममेकर्स का ध्यान खींच लिया। उन्हें लगातार फिल्मों के ऑफर मिलने लगे। यह देख माधुरी ने भी कॉलेज की पढ़ाई अधूरी छोड़ दी और फिल्मी करियर को चुन लिया।

माधुरी दीक्षित की किस्मत का सितारा वर्ष 1988 में प्रदर्शित फिल्म तेजाब से चमका। फिल्म में माधुरी दीक्षित ने अनिल कपूर की प्रेयसी की भूमिका निभायी थी ।फिल्म में उनपर फिल्माया यह गीत एक दो तीन उन दिनो श्रोताओ के बीच छा गया था। फिल्म की सफलता के बाद माधुरी दीक्षित फिल्म इंडस्ट्री में अपनी सही पहचान पाने में कुछ हद तक कामयाब हो गयी।
वर्ष 1990 में माधुरी दीक्षित के सिने करियर की एक और महत्वपूर्ण फिल्म दिल प्रदर्शित हुयी।फिल्म में माधुरी दीक्षित और आमिर खान की जोड़ी को सिने दर्शको ने काफी पसंद किया।फिल्म टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुयी साथ ही फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिये माधुरी दीक्षित को अपने सिने करियर का पहला फिल्म फेयर पुरस्कार प्राप्त हुआ।

वर्ष 1991 माधुरी दीक्षित के सिने करियर का अहम वर्ष साबित हुआ। इस वर्ष उनके अभिनय के नये रंग दर्शको को देखने को मिले। इस वर्ष उनकी 100 डेज,साजन,प्रहार,जैसी फिल्में प्रदर्शित हुयी। इन फिल्मों की सफलता के बाद माधुरी दीक्षित शोहरत की बुंलदियों पर जा पहुंची । वर्ष 1992 में माधुरी दीक्षित की एक और अहम फिल्म फिल्म बेटा प्रदर्शित हुयी।
वर्ष 1994 में राजश्री प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म हम आपके है कौन माधुरी दीक्षित की सर्वाधिक सुपरहिट फिल्म में शुमार की जाती है। पारिवारिक पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में उनकी जोड़ी सलमान खान के साथ काफी पसंद की गयी। इस फिल्म में उनपर फिल्माया गीत दीदी तेरा देवर दीवाना उन दिनों श्रोताओं के बीच क्रेज बन गया था। फिल्म ने सफलता के नये कीर्तिमान स्थापित किये और ऑल टाइम ग्रेटेस्ट हिट्स में शुमार हो गयी। नब्बे के दशक में माधुरी हाईएस्ट पेड एक्ट्रेस थीं, जिसके चलते उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है।

वर्ष 2002 में माधुरी दीक्षित को शरत चंद्र के मशहूर उपन्यास देवदास पर बनी फिल्म में काम करने का अवसर मिला। संजय लीला भंसाली की इसी नाम से बनी फिल्म में चन्द्रमुखी के अपने किरदार से माधुरी ने दर्शको का दिल जीत लिया और अपने दमदार अभिनय के लिये वह सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित की गयी।माधुरी दीक्षित के सिने करियर में उनकी जोड़ी अभिनेता अनिल कपूर साथ काफी पसंद की गयी।भारतीय सिनेमा में माधुरी के योगदान को देखते हुए वर्ष 2008 में उन्हें पद्मश्री से अलंकृत किया गया।
वर्ष 2002 में प्रदर्शित फिल्म हम तुम्हारे है सनम के बाद माधुरी दीक्षित ने फिल्म इंडस्ट्री से किनारा कर लिया और वैवाहिक जीवन बिताने लगी।वर्ष 2007 में फिल्म आजा नच ले के जरिये उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपने सिने कैरियर की दूसरी पारी शुरू की लेकिन इस फिल्म की उन सफलता के बाद उन्होंने एक बार फिर से फिल्म इंडस्ट्री से किनारा कर लिया।माधुरी दीक्षित ने वर्ष 2013 में प्रदर्शित फिल्म ये जवानी है दीवानी से इंडस्ट्री में कमबैक किया है। इसके बाद माधुरी ने डेढ़ इश्किया, गुलाब गैंग, मराठी फिल्म बकेट लिस्ट,कलंक ,टोटल धमाल और भूल भुलैया 3 में काम किया है।
‘अपनी खूबसूरती से हमें हमेशा चौंकाती रहें’, कुछ इस तरह काजोल ने किया माधुरी को बर्थडे विश

माधुरी दीक्षित नेने उर्फ ‘धक-धक गर्ल’ 58 साल की हो गई हैं। उन्होंने पर्दे पर कई लोकप्रिय किरदार निभाए, जिसमें मोहिनी, निशा और चंद्रमुखी शामिल हैं। एक्टिंग हो या डांस, रोमांस हो या एक्शन, माधुरी हर रोल में जान डाल देती थीं। आज उनके जन्मदिन के मौके पर हर कोई एक्ट्रेस को बधाई दे रहा है। इस कड़ी में काजोल ने भी माधुरी को खास अंदाज में बर्थडे विश किया।
काजोल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर माधुरी की बेहद खूबसूरत फोटो शेयर की। फोटो में माधुरी लाल रंग की साड़ी में नजर आ रही हैं। उनकी मुस्कुराहट सीधा लोगों के दिलों को छू रही है। इस फोटो को शेयर करते हुए काजोल ने कैप्शन में लिखा- ”डांसिंग क्वीन को जन्मदिन की शुभकामनाएं… आप स्टेज पर और बाहर अपनी खूबसूरती से हमें हमेशा चौंकाती रहें।”

नब्बे के दशक में काजोल और माधुरी दोनों लोकप्रिय अभिनेत्रियों के तौर पर पहचानी जाने लगी थीं। भले ही दोनों ने कभी एक फिल्म में काम न किया हो, लेकिन उनके बीच काफी अच्छी दोस्ती है। काजोल के पति अजय देवगन ने माधुरी के साथ कुछ फिल्मों में काम किया है, जिसमें ‘लज्जा’ और ‘ये रास्ते हैं प्यार के’ जैसी फिल्में शामिल हैं। आखिरी बार दोनों को फिल्म ‘टोटल धमाल’ में स्क्रीन स्पेस शेयर करते देखा गया था।

काजोल ने माधुरी के साथ एक वीडियो शेयर किया था, जो मनीष मल्होत्रा की दिवाली पार्टी का था। इसमें दोनों मस्ती करती हुई नजर आईं। इस वीडियो को शेयर करते हुए काजोल ने कैप्शन में लिखा था- ”ओरिजिनल डांसिंग क्वीन के साथ! फ्लोर पर इतना मजा करने के लिए धन्यवाद.. सभी को दिवाली से पहले जश्न की शुभकामनाएं”

एक इंटरव्यू में काजोल से जब माधुरी दीक्षित को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने एक्ट्रेस को ‘अंडररेटेड एक्ट्रेस’ बताकर फैंस को चौंका दिया। काजोल से पूछा गया कि फिल्म इंडस्ट्री में वो किसे अंडरेटेड मानती हैं। इसके जवाब में काजोल ने माधुरी दीक्षित का नाम लिया और कहा, ‘माधुरी डिफरेंट रोल्स पाना डिजर्व करती थीं।’