यूपी में चंद्रशेखर ने ईवीएम खराब होने की शिकायत की, सपा ने भी लगाए कई आरोप
लखनऊ, लोकसभा चुनाव के पहले चरण में उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों पर मतदान की प्रक्रिया चल रही है। आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी और राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने प्रशासन पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कई स्थानों पर ईवीएम खराब होने की शिकायत की।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि जोगीरामपुरी में भी मशीन खराब हुई है। उन्होंने अपनी जीत का दावा किया है। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सत्तर प्रतिशत वोटों के साथ आजाद समाज पार्टी विजयी होगी।

मुरादाबाद के डीएम ने फर्जी मतदान को रोकने के लिए एक अनूठी पहल की है। मुस्लिम बहुल मतदान केंद्रों पर मुस्लिम महिला कर्मचारियों को बुर्का पहनाकर तैनात किया गया है। ये महिला कर्मचारी मतदान के लिए आने वाली बुर्का पहनी मतदाताओं का हिजाब उठाकर आईडी पर लगे फोटो से उनका मिलान कर रही हैं। मुरादाबाद से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी रुचि वीरा का कहना है कि एक समुदाय विशेष को वोटिंग पर्चियां बांटने में गड़बड़ी की गई है। उन्हें परेशान किया जा रहा है। वोट डालने से कोई नहीं रोक सकता।
मुजफ्फरनगर से सपा प्रत्याशी हरेंद्र मलिक ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को लेटर लिखा है। इसमें भाजपा प्रत्याशी डॉ. संजीव बालियान के गांव कुटबी में भाजपा एजेंटों पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया है। इसके साथ ही वहां पैरा मिलिट्री फोर्स भेजे जाने की मांग की है।
कैराना से सपा उम्मीदवार इकरा हसन ने कहा, लोगों ने चुनाव में बहुत साथ दिया था। इस चुनाव में भी बहुत साथ मिल रहा है। इस बार का चुनाव थोड़ा शांत है चाहे सत्ता पक्ष हो या विपक्ष हो।

उधर समाजवादी पार्टी सोशल मीडिया मंच से लगातार चुनाव आयोग से शिकायत कर रही है। कैराना लोकसभा में थाना भवन के ग्राम मसावी के बूथ संख्या 172 पर लगभग 1500 मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब हैं। कैराना लोकसभा के गंगोह के बूथ संख्या 148 पर ईवीएम मशीन खराब होने की सूचना मिली है।
समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया कि सहारनपुर लोकसभा के सहारनपुर नगर में बूथ संख्या 270 पर धीमी गति से मतदान चल रहा है। बूथ के मुस्लिम बाहुल्य होने के कारण प्रशासन मतदान की गति को प्रभावित कर रहा है। सहारनपुर लोकसभा के जे.वी. इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 58, 62 और 73 पर प्रशासन पर्ची चेक करके भी सपा के मतदाताओं को वोट डालने नहीं दे रहा है। साथ ही विकलांग/ दिव्यांग व्यक्ति के साथ किसी को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा।
समाजवादी पार्टी ने रामपुर लोकसभा के बिलासपुर में बूथ संख्या 52 पर भाजपा समर्थकों द्वारा बूथ पर कब्ज़ा करने का आरोप लगाया। सपा के वोटरों को भगाया जा रहा है। सपा ने कहा, चुनाव आयोग संज्ञान ले, निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित हो।
बीजेपी नेता आनन्द स्वरूप शुक्ला ने भविष्य में चुनाव नहीं लड़ने का किया ऐलान
बलिया, लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बीच एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू कर दिया है। खबर है कि पूर्व मंत्री एवं बीजेपी के कद्दावर नेता आनन्द स्वरूप शुक्ला ने बलिया के बैरिया सीट पर अब भविष्य में कभी चुनाव ना लड़ने का ऐलान किया है। रामनवमी के उल्लास के बीच उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर अपने इस फैसले का ऐलान किया, लेकिन खास बात यह है कि उन्होंने अपने इस ऐलान के पीछे की वजह अभी तक नहीं बताई है।
बता दें, वह 2017 में बीजेपी के टिकट पर बलिया सदर से विधायक रहे। बीजेपी ने उनका स्थानांतरण करते हुए उन्हें 2022 में बैरिया से बीजेपी के तत्कालीन विधायक रहे सुरेन्द्र सिंह का टिकट काटकर उन्हें चुनाव लड़ाया। नतीजा यह रहा कि बीजेपी से टिकट कटने के बाद सुरेन्द्र सिंह ने भी बागी बनकर चुनाव लड़ा। बीजेपी के दो नेताओं के चुनाव लड़ने से परिणाम यह हुआ की बैरिया विधानसभा की सीट समाजवादी पार्टी के खाते में चला गया।
अब आनन्द स्वरूप शुक्ल बलिया लोकसभा क्षेत्र से सांसद की बीजेपी से टिकट मांग रहे थे। लेकिन, बीजेपी उन्हें टिकट नहीं देकर समाजवादी पार्टी से आए पूर्व प्रधानमंत्री के पुत्र नीरज शेखर को टिकट दे दिया, जिसके बाद पूर्व मंत्री ने फेसबुक पर पोस्ट कर चुनाव नहीं लड़ने की जानकारी दी। अब इस पोस्ट के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।
यूपी में पहले चरण के लिए कई दिग्गजों ने डाले वोट
यूपी में लोकसभा की आठ सीटों पर शुक्रवार को पहले चरण की वोटिंग चल रही है। पहले फेज में सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। इस दौरान कई दिग्गजों ने मतदान किया।
केंद्रीय मंत्री और मुजफ्फरनगर से भाजपा उम्मीदवार संजीव बालियान और उनकी पत्नी सुनीता बालियान ने कुटबी कुटबा में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। यहां उनका मुकाबला सपा के हरेंद्र सिंह मलिक और बसपा के दारा सिंह प्रजापति से है।
भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी और उनकी पत्नी सीमा नकवी ने रामपुर के शंकरपुर दनियापुर में मतदान किया।

सहारनपुर से भाजपा उम्मीदवार राघव लखनपाल ने मतदान किया और कहा कि सहारनपुर में विकास के कई प्रोजेक्ट आए हैं। मोदी जी के चेहरे और विकास पर चुनाव हो रहा है। उन्होंने कहा कि वे बड़े अंतर से जीतेंगे। कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद के जीत के दावे पर सपा-कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी ने कहा कि 4 जून का इंतजार कीजिए। उनकी लड़ाई किसी से नहीं है और वे जीत रहे हैं।
वहीं नगीना सीट से आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी चंद्रशेखर आज़ाद ने सरकारी सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए। चंद्रशेखर ने कहा कि 10 से ज्यादा मशीनें खराब हैं। बूथ पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी सही तरीके से नहीं लगाए गए हैं।
पीलीभीत में जीजीआईसी मतदान केंद्र पर पहुंचे भाजपा प्रत्याशी जितिन प्रसाद ने चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एजेंट को मतदान केंद्र के अंदर न जाने देने का आरोप लगाया।
पीलीभीत में सपा ने लगाई शिकायतों की झड़ी
लखनऊ, लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए यूपी में आठ सीटों पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। पीलीभीत से भाजपा उम्मीदवार जितिन प्रसाद ने जीत का दावा किया है। वहीं सपा ने शिकायतों की झड़ी लगाई है।
पहले चरण का मतदान पीलीभीत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर एवं नगीना लोकसभा क्षेत्र के सभी पोलिंग बूथों पर मतदान सुबह सात बजे से जारी है। आदर्श पोलिंग बूथों को गुब्बारों और कालीन बिछाकर सजाया गया है। सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए हैं, जिसमें युवा मतदाता वोट डालने के बाद सेल्फी खींचकर सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।
उधर, पीलीभीत से भाजपा उम्मीदवार जितिन प्रसाद ने कहा है कि पीलीभीत से उनकी ऐतिहासिक जीत होगी, यहां कमल खिलेगा। 10 सालों के काम के दम पर हमें लोगों का आशीर्वाद मिल रहा है। नए भारत का निर्माण हो रहा है। आने वाले समय में जो काम चल रहे हैं, उन्हे और तीव्रता दी जाएगी। जनता का हमें अपार समर्थन मिल रहा है।
उधर, समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया मंच से शिकायतों की झड़ी लगा रखी है। पीलीभीत लोकसभा में समाजवादी पार्टी के बूथ एजेंटों ने प्रशासन पर परेशान करने का आरोप लगाया है।
सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनको थाने में जबरन बंद किया गया है, जिससे मतदान प्रभावित हो रहा है। चुनाव आयोग इसका संज्ञान ले। निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित हो।
सपा ने आरोप लगाया है कि कैराना लोकसभा की बूथ संख्या 94 पर मतदाताओं को मतदान करने से पीठासीन अधिकारी रोक रहे हैं। कैराना नगर इस्लामिया इंटर कॉलेज में धीमी गति से मतदान चल रहा है।
रामपुर लोकसभा की बूथ संख्या 164 पर ईवीएम मशीन खराब होने की सूचना आई है।
सहारनपुर लोकसभा के नकुड़ के सरूरपुर तगा में बूथ संख्या 227 पर भी ईवीएम मशीन खराब होने की सूचना है।
सपा के पीलीभीत से प्रत्याशी भागवत शरण गंगवार का कहना है कि यहां चुनाव भाजपा और जनता के बीच है। सपा सरकार में किए गए कार्यों पर लोगों को भरोसा है। यहां हम भारी मतों से जीतेंगे।