Good News -चौधरी चरण सिंह, एम एस स्वामीनाथन और पी वी नरसिंहाराव को भारत रत्न

WhatsAppFacebookTwitterLinkedIn

राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने शुक्रवार को सदन को सूचित किया कि सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, महान कृषि वैज्ञानिक एम एस स्वामीनाथन और पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिंहा राव को भारत रत्न से सम्मानित करने की घोषणा की है। Shri Jagdeep Dhankhad Ji proudly informed about ne dignitaries of Bharat Ratna award Scientist Shri M S Swaminathan, PV Narsimha Rao,and farmer leader Chaudhary Charan Singh ji.

सभापति ने सदन को सूचित करते हुये कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज एक्स पर अपनी पोस्ट में यह घोषणा की। श्री मोदी ने कहा, “हमारी सरकार का यह सौभाग्य है कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जा रहा है। यह सम्मान देश के लिए उनके अतुलनीय योगदान को समर्पित है। उन्होंने किसानों के अधिकार और उनके कल्याण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था। चौधरी चरण सिंह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हों या देश के गृहमंत्री और यहां तक कि एक विधायक के रूप में भी, उन्होंने हमेशा राष्ट्र निर्माण को गति प्रदान की। वे आपातकाल के विरोध में भी डटकर खड़े रहे। हमारे किसान भाई-बहनों के लिए उनका समर्पण भाव और इमरजेंसी के दौरान लोकतंत्र के लिए उनकी प्रतिबद्धता पूरे देश को प्रेरित करने वाली है।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारे पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। एक प्रतिष्ठित विद्वान और राजनेता के रूप में, श्री राव ने विभिन्न क्षमताओं में भारत की बड़े पैमाने पर सेवा की। उन्हें अविभाजित आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और कई वर्षों तक संसद और विधानसभा सदस्य के रूप में किए गए कार्यों के लिए समान रूप से याद किया जाता है। उनका दूरदर्शी नेतृत्व भारत को आर्थिक रूप से उन्नत बनाने, देश की समृद्धि और विकास के लिए एक ठोस नींव रखने में सहायक था।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में श्री राव गारू का कार्यकाल महत्वपूर्ण उपायों द्वारा चिह्नित किया गया था जिसने भारत को वैश्विक बाजारों के लिए खोल दिया, जिससे आर्थिक विकास के एक नए युग को बढ़ावा मिला। इसके अलावा, भारत की विदेश नीति, भाषा और शिक्षा क्षेत्रों में उनका योगदान एक ऐसे नेता के रूप में उनकी बहुमुखी विरासत को रेखांकित करता है, जिन्होंने न केवल महत्वपूर्ण परिवर्तनों के माध्यम से भारत को आगे बढ़ाया बल्कि इसकी सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत को भी समृद्ध किया।

श्री मोदी ने कहा, “यह बेहद खुशी की बात है कि भारत सरकार कृषि और किसानों के कल्याण में हमारे देश में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न से सम्मानित कर रही है। उन्होंने चुनौतीपूर्ण समय के दौरान भारत को कृषि में आत्मनिर्भरता हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और भारतीय कृषि को आधुनिक बनाने की दिशा में उत्कृष्ट प्रयास किए। हम एक अन्वेषक और संरक्षक के रूप में और कई छात्रों के बीच सीखने और अनुसंधान को प्रोत्साहित करने वाले उनके अमूल्य काम को भी पहचानते हैं। डॉ. स्वामीनाथन के दूरदर्शी नेतृत्व ने न केवल भारतीय कृषि को बदल दिया है बल्कि देश की खाद्य सुरक्षा और समृद्धि भी सुनिश्चित की है। वह ऐसे व्यक्ति थे जिन्हें मैं करीब से जानता था और मैं हमेशा उनकी अंतर्दृष्टि और इनपुट को महत्व देता था।”.

कृषि विज्ञानी डॉ. स्वामीनाथन को भारत रत्न, बेटी डॉ. सौम्या ने भारत सरकार का आभार जताया

चेन्नई, कृषि विज्ञानी डॉ. एमएस स्वामीनाथन को सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न दिए जाने की घोषणा का दिवंगत कृषि विज्ञानी की पुत्री डॉ. सौम्या स्वामीनाथन ने स्वागत करते हुए इसे किसान, वैज्ञानिक और विद्यार्थियों का सम्मान बताया है। उन्होंने भारत सरकार का आभार व्यक्त किया।

स्वामीनाथन रिसर्च फाउंडेशन की चेयरमैन डॉ. सौम्या ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि डॉ. स्वामीनाथन ने किसी सम्मान की कामना कभी नहीं की बल्कि गरीब किसानों के लिए दिन-रात काम कर राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना उनका इकलौता लक्ष्य था।

उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें यकीन है कि अगर यह उनके जीवनकाल में दिया जाता तो और भी खुशी होती। हालांकि वह ऐसे व्यक्ति नहीं थे जो पुरस्कारों के लिए काम करते। उन्हें बहुत सारे पुरस्कार मिले लेकिन उन्होंने जमीन पर जो काम किया उसके परिणाम के साथ-साथ लोगों के प्यार व स्नेह से उन्हें अधिक प्रेरणा मिलती थी। यह गर्व और संतुष्टि की बात है कि उनके पूरे जीवन के उल्लेखनीय कार्यों को भारत सरकार और प्रधानमंत्री द्वारा इस रूप में याद किया गया।

मोदी सरकार ने जीत लिया दिल : जयंत चौधरी

लखनऊ, पूर्व प्रधानमंत्री व किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने के भारत सरकार ऐलान को राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने भाजपा से गठबंधन पर कहा कि आज मैं किस मुंह से इनकार करूं, मोदी सरकार ने दिल जीत लिया है।

उन्होंने एक पत्रकार वार्ता में कहा है कि चौधरी चरण सिंह को बहुत बड़ा सम्मान मिला। आज चौधरी अजित सिंह का सपना पूरा हुआ है। आज का फैसला पीढ़ी दर पीढ़ी याद किया जाएगा। प्रधानमंत्री देश की मूल भावना समझते हैं। इस फैसले को गठबंधन से न जोड़ा जाए। भाजपा से गठबंधन से इनकार नहीं। नए भारत में चीजें बदल रही हैं। प्रधानमंत्री का फैसला दिल जीतने वाला है।

रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश में प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और इंडी. गठबंधन के पूरी तरह से लोकसभा चुनाव से पूर्व ही बिखरता हुआ दिख रहा है। यूपी में लगभग सभी दल सपा से किनारा करते जा रहे हैं।

विधानभवन में गूंजे ‘पीएम मोदी जिंदाबाद’ के नारे

पूर्व प्रधानमंत्री और किसान नेता चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने के फैसला का रालोद विधायकों ने भी स्वागत किया है। उप्र विधान सभा में सदन की कार्यवाही के बाद रालोद के सभी विधायकों ने विधान भवन स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के समक्ष चौधरी चरण सिंह अमर रहें…, अमर रहें… के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ज़िंदाबाद के नारे बुलंद किए। उन्होंने कहा कि भारत सरकार का निर्णय न केवल स्वागत योग्य है बल्कि प्रशंसनीय भी है। पूर्व की सरकारों ने किसानों के मसीहा के संघर्षों को कभी इस तरह से नहीं देखा।

पार्टी कार्यालय पर मिठाई वितरण और खुशी का माहौल

पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने की खुशी में राष्ट्रीय लोकदल के राजधानी स्थित मुख्यालय पर एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की गई। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय व अन्य रालोद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने परिसर में लगी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर एक-दूसरे को बधाई दी और भारत सरकार के निर्णय की सराहना की।

देश के किसानों के लिए गौरवान्वित करने वाला पल

रालोद के राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा ने चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा हमारी पार्टी और किसानों की मांग का सम्मान रखा। आज का दिन देश के करोड़ों किसानों को गौरवान्वित करने वाला पल है। इस सम्मान से चौधरी चरण सिंह का ही नहीं बल्कि भारत रत्न का भी सम्मान बढ़ा है।

चौधरी चरण सिंह, नरसिम्हा राव और स्वामीनाथन को भारत रत्न दिए जाने के फैसले का नड्डा ने किया स्वागत

चौधरी चरण सिंह, पीवी नरसिम्हा राव और डॉ. एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न दिए जाने के फैसले का भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने स्वागत किया है और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया है।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने एक्स पोस्ट पर कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव ने भारतीय अर्थव्यवस्था को उसके सबसे खराब संकट के दौर से निकाला और तेजी से आर्थिक प्रगति के द्वार खोले। वह एक दूरदर्शी राजनेता थे। उन्होंने हमारे राष्ट्रीय हितों को सुरक्षित रखने में बहुत योगदान दिया।

नड्डा ने कहा कि कृषि जगत एवं किसान भाइयों के उत्कर्ष के लिए पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के द्वारा किए गए कार्य अविस्मरणीय हैं। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन भारतीयता व ग्रामीण परिवेश की मर्यादा में जिया। वे हमारे समाजिक, सांस्कृतिक मूल्यों के सच्चे प्रतिनिधि हैं। आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए उन्होंने संघर्ष किया। उनकी राजनीतिक विरासत से सृजित अनेक राजनीतिक दल आज हमारे लोकतंत्र को सशक्त एवं समृद्ध कर रहे हैं।

हरित क्रांति के जनक डॉ. स्वामीनाथन को भारत रत्न से सम्मानित करने के निर्णय का स्वागत करते हुए नड्डा ने कहा कि कृषि अनुसंधान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय प्रयासों ने लाखों लोगों को भूख और गरीबी से निकलने में मदद की। लोगों की भलाई के लिए नवाचार के दायरे को आगे बढ़ाने में उनका योगदान हमारे वैज्ञानिक समुदाय के लिए प्रेरणा है।

Share Reality:
WhatsAppFacebookTwitterLinkedIn

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *