UP Day -उत्तर प्रदेश दिवस पर मुर्मू, मोदी, योगी ने दी बधाई

WhatsAppFacebookTwitterLinkedIn

President Smt. Draupadi Murmu, PM Modi, Vice President Shri Dhankhad, and CM Uttar Pradesh Shri Yogi Adityanath Ji Congratulated and send best wishes to all the natizens of states on the occasion of Uttar Pradesh Day.

लखनऊ, जनसंख्या घनत्व के मामले में अव्वल उत्तर प्रदेश के 76वें स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के लोगों को शुभकामनायें प्रेषित की हैं।

राष्ट्रपति ने अपने बधाई संदेश में लिखा “यूपी के सभी निवासियों को मेरी शुभकामनाएं। उत्तर प्रदेश की देश के आर्थिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका है। यह राज्य आध्यात्मिक विकास में भी अहम भूमिका निभा रहा है। यह प्रदेश समग्र विकास के पथ पर अग्रसर रहेगा।”

श्री मोदी ने एक्स पर लिखा “उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर राज्य के अपने सभी भाई-बहनों को मेरी ढेरों शुभकामनाएं। भारतीय संस्कृति में अनगिनत पौराणिक और ऐतिहासिक कालखंडों की साक्षी रही यह पावन धरती पिछले आठ वर्षों से विकास के नित-नए अध्याय रचने में जुटी है। मुझे पूरा भरोसा है कि जनकल्याण के लिए समर्पित सरकार और यहां के लोगों की अद्भुत प्रतिभा एवं अथक परिश्रम से हमारा यह प्रिय प्रदेश विकसित भारत के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देगा।”

मुख्यमंत्री योगी ने पोस्ट किया “रघुकुलनंदन’ प्रभु श्री राम एवं योगेश्वर श्रीकृष्ण की पावन जन्मस्थली, बाबा श्री विश्वनाथ के आशीर्वाद से अभिसिंचित, सृजन, संस्कृति, संस्कार व शौर्य की गौरवशाली धरा उत्तर प्रदेश के 76वें स्थापना दिवस की प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में नए भारत का ‘ग्रोथ इंजन’ नया उत्तर प्रदेश विकास, सुरक्षा और सुशासन के नित नए मापदंड स्थापित कर रहा है। आइए, हम सब मिलकर उत्तर प्रदेश को ‘विकसित-आत्मनिर्भर प्रदेश’ बनाने हेतु संकल्पित हों।”

उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ के अवध शिल्पग्राम समेत विभिन्न स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन किये गये हैं। अवध शिल्पग्राम में तीन दिन तक चलने वाले कार्यक्रम में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ छह लोगों को गौरव सम्मान से विभूषित करेंगे। उन्हे 11-11 लाख रुपये और शील्ड देकर सम्मानित किया जायेगा। इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहेंगे। इस मौके पर देश के विकास में उप्र की भूमिका,स्वतंत्रता संग्राम में प्रदेश के महानायकों के योगदान का दर्शाती प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया है।

धनखड़ ने उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की दी शुभकामनाएं

उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने उत्तर प्रदेश के निवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी हैं।

श्री धनखड़ ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर जारी एक संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश अपनी सांस्कृतिक विविधता, समृद्ध इतिहास और सतत प्रगति के लिए एक प्रेरणास्रोत है। इस प्रदेश की उपलब्धियों ने भारत के विकास में अनेक क्षेत्रों में अभूतपूर्व योगदान दिया है। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के पुनीत अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को विनम्र शुभकामनाएँ एवं हार्दिक बधाई।”

श्री धनखड़ लखनऊ में इस विशेष अवसर पर आयोजित समारोह में सम्मिलित होंगे। उन्होंने कहा कि इस अद्वितीय प्रदेश की ऊर्जा, जीवंतता और गौरवशाली परंपराओं का साक्षी बनने पर उन्हें हर्ष है।

श्री धनखड़ ने कहा, “मेरी यही शुभेच्छा है कि ‘उत्तर प्रदेश’ अपनी असीम संभावनाओं और समृद्ध ‘उद्यम प्रदेश’ की भावना को समेटे ‘उत्तम प्रदेश’ के रूप में प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित करता रहे।”

Share Reality:
WhatsAppFacebookTwitterLinkedIn

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *