Super CM Shri Yogi Adityanath have directed all top officials of the state to take prompt and strong actions against troublemakers during the festival season. He instructed that there should be round the clock assistance and surveillance followed in entire state. मुख्यमंत्री आदित्यनाथ की त्योहारों से पहले कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा .
Lucknow /लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की और अधिकारियों को त्योहारों के दौरान सतर्क रहने तथा अफवाह फैलाने वालों और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
लखनऊ में जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री गोरखपुर में हैं और समीक्षा बैठक बृहस्पतिवार रात वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हुई। बैठक में राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों, संभागीय आयुक्तों, जिला मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशकों (जोन), पुलिस आयुक्तों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
ऐसे में जब धनतेरस, अयोध्या दीपोत्सव, दिवाली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज, देवउठनी एकादशी, वाराणसी में देव दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहार निकट हैं, आदित्यनाथ ने कहा कि शांति, सुरक्षा और शासन के दृष्टिकोण से यह एक संवेदनशील समय है।
बयान के अनुसार, उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक दलों को चौबीस घंटे सतर्क रहने, पिछले अनुभवों से सीख लेने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हों।
उन्होंने अधिकारियों को शांति भंग करने का प्रयास करने वाले तत्वों के खिलाफ निवारक कार्रवाई करने और सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाहें या फर्जी खबरें फैलाने वालों से सख्ती से निपटने का निर्देश दिया।
आदित्यनाथ ने इस बात पर जोर दिया कि ‘‘किसी भी व्यापारी को त्योहारी बाजार गतिविधियों के दौरान उत्पीड़न का सामना नहीं करना पड़े।’’ जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस प्रमुखों को व्यवस्था व जनता का विश्वास बनाये रखने के लिए बाजार संघों के साथ संवाद करने को कहा।
उन्होंने यह भी आदेश दिया कि पटाखों की दुकानें और गोदाम रिहायशी इलाकों से दूर होने चाहिए और सभी बिक्री केंद्रों पर अग्निशमन उपाय और पुलिस सतर्कता को मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि पटाखों की बिक्री के लिए लाइसेंस और अनापत्ति प्रमाण पत्र समय पर जारी किए जाने चाहिए, जबकि अवैध भंडारण पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
भीड़ और यातायात प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि बाजारों और घाटों के पास भीड़भाड़ से बचने के लिए प्रत्येक शहर के लिए यातायात योजनाएं तैयार की जानी चाहिए।
आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में व्यक्तिगत रूप से घटनास्थल का दौरा करें और त्वरित सूचना और प्रतिक्रिया सुनिश्चित करें।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, ‘एक छोटी लापरवाही भी बड़े विवाद का कारण बन सकती है।’’ उन्होंने अधिकारियों से सतर्कता और तत्परता से कार्य करने को कहा।
आगामी प्रमुख आयोजनों का उल्लेख करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या दीपोत्सव और वाराणसी की देव दीपावली की व्यवस्थाएं सुरक्षा, संरक्षा और भीड़ प्रबंधन के उच्चतम मानकों को पूरा करते हुए की जाए।
बयान के अनुसार, उन्होंने निर्देश दिया कि सभी त्योहारों का आयोजन स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए किया जाए। मुख्यमंत्री ने छठ पूजा के लिए शहरी और ग्रामीण विभागों द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाने के आदेश दिए। उन्होंने साथ ही यह सुनिश्चित करने का निर्दश दिया कि नदियां और तालाब प्रदूषित न हों और घाटों का रखरखाव अच्छी तरह से किया जाए। उन्होंने पूरे राज्य में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभागों को आपातकालीन एवं ट्रॉमा देखभाल सेवाओं को चौबीस घंटे चालू रखने, चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और त्योहारों से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच तेज करने के निर्देश दिए। बयान के अनुसार उन्होंने साथ ही निरीक्षण के नाम पर अनावश्यक उत्पीड़न से बचने का भी निर्देश दिया।
आदित्यनाथ ने कहा कि पुलिस थानों से लेकर क्षेत्रीय मुख्यालयों तक, हर स्तर के अधिकारियों को सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए सम्मानित नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद बनाए रखना चाहिए।
उन्होंने खुफिया प्रयासों को बढ़ाने और सीसीटीवी प्रणालियों की नियमित जांच करने का आह्वान किया, जो अपराध की रोकथाम और पता लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को याद दिलाया कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा 12 अक्टूबर को होगी, जिसमें छह लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे।
उन्होंने जिला और पुलिस प्रशासन को आयोग के साथ समन्वय में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा, ‘युवाओं के भविष्य से समझौता करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि इस वर्ष की दीपावली स्वदेशी की भावना के साथ मनायी जाए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर वर्ग का परिवार पर्व-त्योहारों पर कुछ न कुछ खरीदारी करता है और इस बार यह खरीदारी स्वदेशी उत्पादों की होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि ‘‘स्वदेशी हो दीपावली’’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत और सशक्त उत्तर प्रदेश की दिशा में एक सामूहिक संकल्प है।