CM Yogi inaugurated Uttar Pradesh trade Show organized by state Government at Champa Devi Park Gorakhpur on Thursday. In his address to the masses CM quoted about the progress and growth in Industrial, cultural, production and investment sectors that has benefited not only the entire state but to the Nation as well. Shri Kamlesh Paswan and Ravi Kishan was also present in the event with CM Yogi. देश में ब्रह्मोस मिसाइल, रायफल, सर्वाधिक मोबाइल उत्पादन करने वाला राज्य उत्तर प्रदेश

गोरखपुर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार कहा कि प्रदेश में बेहतर बुनियादी ढांचा, कारोबारी सुगमता और मजबूत कानून व्यवस्था से निवेश आ रहा है और राज्य देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। आधिकारिक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में आयोजित उप्र ट्रेड शो स्वदेशी मेला के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी मेला का आयोजन राज्य के हर जिले में हो रहा है। इसके पहले प्रदेश में बने उत्पादों को मंच देने के लिए 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का आयोजन किया गया था। अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में 2250 से अधिक उद्यमियों ने अपने उत्पादों को प्रदर्शित किया था। मेले में 500 से अधिक विदेशी क्रेता आए थे और 1,12,00 करोड रुपये के उत्पादों की बिक्री हुई। यह नए उत्तर प्रदेश की तस्वीर है जो बीमारू राज्य से उबरकर इसे उद्यम प्रदेश के रूप में प्रस्तुत करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जब उद्यम लगेंगे तो रोजगार मिलेगा। उद्यम लगेंगे तो कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी और उस कनेक्टिविटी की सुविधा का लाभ उद्योग ही नहीं बल्कि आम नागरिकों को भी मिलेगा। उद्यम लगेंगे तो नई तकनीकी आएगी और रोजगार के नए-नए अवसर भी सृजित होंगे।’’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने जो प्रगति की है, उससे वह बीमारू की छवि से बाहर निकलकर देश की अर्थव्यवस्था का वृद्धि इंजन बन चुका है।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में उद्यम लगाना एक सपना था। तब ऐसी अराजकता थी कि लोग उप्र से भागने की फिराक में रहते थे। 2017 के बाद डबल इंजन सरकार में सुरक्षा का जबरदस्त वातावरण बना। अपराध को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाई गई। उद्योगों से जुड़े नियमों को सरल बनाया गया।

आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भरता के हर एक क्षेत्र में मॉडल बनता जा रहा है। कानून व्यवस्था के साथ ही बुनियादी ढांचा के क्षेत्र में तेजी से प्रगति की है। राजमार्ग, रेलवे, हवाई मार्ग, अंतर्देशीय जलमार्ग में प्रगति की लंबी छलांग लगाई है।
मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से स्वदेशी वस्तुओं का ही इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब हम स्वदेशी अपनाएंगे तो कारीगरों, शिल्पियों के श्रम का सम्मान होगा। स्वदेशी से देश का पैसा देश में ही रहेगा। स्वदेशी का मुनाफा देश के निर्माण के काम आएगा।
उन्होंने सचेत किया कि विदेशी वस्तुओं के खरीदने पर उसके मुनाफे का पैसा कई बार देश के खिलाफ, आतंकवाद, नक्सलवाद और अलगाववाद पर खर्च होता है। जब देश का पैसा स्वदेशी के माध्यम से देश में ही खर्च होगा तो विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित गोरखपुर का सपना भी तेजी से साकार होगा।

स्वदेशी मेला के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का प्रदर्शन सराहनीय है। उत्तर प्रदेश हरेक क्षेत्र में आत्मनिर्भर होने की राह पर है। अब ब्रह्मोस मिसाइल और एके 2023 रायफल भी उत्तर प्रदेश में बनने लगी है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उप्र में सुरक्षा, कानून व्यवस्था और निवेश के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किया है। आज उत्तर प्रदेश, देश में सर्वाधिक मोबाइल उत्पादन करने वाला राज्य है।