Prime Minister Shri Narendra Modi Ji conveyed best wishes to the nation on the occasion of Dev Deepawali and Guru Nanak Jayanti. गुरु नानक जयंती और देव दीपावली पर पीएम मोदी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं
गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व और कार्तिक पूर्णिमा-देव दीपावली पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी और उनकी शिक्षाओं को मानवता के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट करते हुए लिखा, “गुरु नानक देव जी का जीवन और संदेश सदैव मानवता का मार्गदर्शन करते रहते हैं। करुणा, समानता, विनम्रता और सेवा पर आधारित उनकी शिक्षाएं अत्यंत प्रेरक हैं। प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर करें कि उनका ब्रह्म प्रकाश हमेशा हमारी पृथ्वी को प्रकाशित करता रहे।”

इसी के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक अन्य ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “देश के अपने सभी परिवारजनों को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की कोटि-कोटि शुभकामनाएं। भारतीय संस्कृति और अध्यात्म से जुड़ा यह दिव्य अवसर हर किसी के लिए सुख, शांति, आरोग्य और सौभाग्य लेकर आए। पावन स्नान, दान-पुण्य, आरती और पूजन से जुड़ी हमारी यह पवित्र परंपरा सबके जीवन को प्रकाशित करे।”

वहीं दूसरी ओर, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने आधिकारिक ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। उनका जीवन और समानता, करुणा और सत्य का संदेश समस्त मानवता के लिए प्रेरणा है। आइए, एक न्यायपूर्ण और मानवीय समाज के निर्माण के लिए स्वयं को पुनः समर्पित करें और अपने दैनिक जीवन में पूज्य गुरु जी की महान शिक्षाओं का पालन करें।”

बता दें कि गुरु नानक जयंती को गुरु पर्व और प्रकाश पर्व के नाम से भी जाना जाता है, जो कि सिखों का सबसे खास पर्व है। गुरु नानक देव की करुणा, सद्भाव और सत्य की शिक्षाएं आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
लोक गायिका शारदा सिन्हा की पहली पुण्यतिथि पर पीएम मोदी ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को बिहार कोकिला शारदा सिन्हा की पहली पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने कहा कि शारदा सिन्हा के महापर्व छठ से जुड़े उनके सुमधुर गीत हमेशा जनमानस में रचे-बसे रहेंगे।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया कि बिहार कोकिला शारदा सिन्हा की पहली पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि। उन्होंने बिहार की कला-संस्कृति को लोकगीतों के माध्यम से एक नई पहचान दी, जिसके लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा। महापर्व छठ से जुड़े उनके सुमधुर गीत हमेशा जनमानस में रचे-बसे रहेंगे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स पोस्ट में लिखा कि बिहार कोकिला, पद्म श्री एवं पद्म भूषण से सम्मानित शारदा सिन्हा की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। शारदा सिन्हा के छठ महापर्व पर सुरीली आवाज में गाए मधुर गीत बिहार समेत देश के सभी भागों में आज भी गूंजा करते हैं। बिहार की भूमि, संगीत जगत और संगीत प्रेमियों में उनकी स्मृति हमेशा रहेगी।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर पोस्ट किया कि पद्म विभूषण से सम्मानित, सुप्रसिद्ध लोक गायिका, ‘बिहार कोकिला’ श्रद्धेय शारदा सिन्हा की पुण्यतिथि पर शत-शत नमन करता हूं। शारदा सिन्हा की मधुर आवाज ने न केवल भोजपुरी संगीत को विश्व भर में पहचान दिलाई, अपितु भारतीय लोक संस्कृति को भी समृद्ध किया। छठ महापर्व उनके गीतों के बिना अधूरा है, उनकी आवाज की झंकार सदैव हमारी स्मृतियों में गूंजती रहेगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर पोस्ट किया कि मैथिली और भोजपुरी लोकगीतों की अमर साधिका, भारत की लोक संस्कृति की स्वर देवी ‘पद्म भूषण’ श्रद्धेय शारदा सिन्हा को उनकी पुण्यतिथि पर कोटि-कोटि नमन। आपकी मधुर आवाज ने लोकगीतों को जन-जन के हृदय तक पहुंचाया और भारतीय संस्कृति को एक नई ऊंचाई प्रदान की।
आपने अपने सुरों से पर्वों, परंपराओं और मातृभूमि की मिट्टी की महक को अमर कर दिया। आज भी आपके गीत लोकसंस्कृति और पर्व की आत्मा हैं, जो यह दर्शाता है कि आपकी कला केवल संगीत नहीं, अपितु हमारी सांस्कृतिक चेतना की धुरी है।