Uttar Pradesh witnessed many events to celebrate U.P. Day. Deputy CM Keshav Prasad Maurya celebrated the All rounder state progress, calling it a V3 combination state- Vikas , Virasat and Vishwas – U.P is synonymous to Development, Legacy and Trust.
’’विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश ’’की थीम पर दिल्ली हाट में उत्तर प्रदेश दिवस 2026 का हुआ भव्य आयोजन
लखनऊ, उत्तर प्रदेश राज्य की स्थापना की ऐतिहासिक स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने तथा प्रदेश की सांस्कृतिक, सामाजिक एवं विकासात्मक उपलब्धियों को व्यापक रूप से जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा नई दिल्ली स्थित दिल्ली हाट में “विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश” की थीम पर उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का भव्य आयोजन शनिवार को किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के माध्यम से उत्तर प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, पर्यटन, कला, परंपराओं एवं सामाजिक योगदान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस का यह आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन संभावनाओं तथा वैश्विक पहचान को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का दिल और आत्मा है। प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2018 से प्रतिवर्ष उत्तर प्रदेश दिवस मनाया जा रहा है और 24 जनवरी प्रदेश के लिए ऐतिहासिक महत्व का दिन है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से 2026 तक उत्तर प्रदेश ने यह सिद्ध कर दिया है कि वह संभावनाओं से भरपूर प्रदेश है। यह वही उत्तर प्रदेश है जो राम,कृष्ण, गौतम बुद्ध और महावीर की ज्ञान भूमि रहा है, जहां बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी, भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या तथा तीर्थराज प्रयाग स्थित है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में प्रत्येक वर्ष माघ मेला तथा कुंभ जैसे विश्वविख्यात आयोजनों में करोड़ों श्रद्धालु देश-विदेश से आते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते लगभग 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश में प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। प्रदेश में रोजगार के अनेक अवसर सृजित हुए हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशभर में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले, जिनमें सर्वाधिक संख्या उत्तर प्रदेश की है। उन्होंने कहा कि जब व्यवस्था भ्रष्टाचार-मुक्त होती है, तो विकास तीव्र गति से आगे बढ़ता है। विकसित भारत के निर्माण में उत्तर प्रदेश की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। आज उत्तर प्रदेश किसी बीमारू राज्य की श्रेणी में नहीं, बल्कि तेज़ी से विकास पथ पर अग्रसर राज्य है।
कार्यक्रम में श्रीलंका, मॉरीशस, कनाडा, रूस, सिंगापुर सहित विभिन्न देशों के माननीय राजदूतगण तथा अनेक विशिष्ट अतिथियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान डॉ. वेदपति मिश्रा, महानिदेशक पर्यटन द्वारा स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर अतिथियों का सम्मान किया गया तथा कुंभ पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया। इसके साथ ही दिल्ली-एनसीआर में निवास कर रहे उत्तर प्रदेश के विशिष्ट व्यक्तियों को पर्यटन, शिक्षा, संस्कृति एवं अन्य क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण उत्तर प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति पर आधारित राधा-कृष्ण थीम वाली सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियां रहीं, जिनमें लोकनृत्य, संगीत एवं कला की मनमोहक झलक देखने को मिली।