Historic Victory of BJP in Delhi elections 2025.दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और नेतृत्व को : विजेंद्र गुप्ता
-जीत के बाद भाजपा प्रत्याशी की रोहिणी में आयोजित विजय यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
रोहिणी विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार लगातार जीत हासिल कर हैटट्रिक मारने वाले भाजपा प्रत्याशी विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देते हुए कहा है कि यह विजय उनकी जनकल्याणकारी नीतियों, विकसित भारत के निर्माण की योजनाओं और प्रभावशाली व कुशल नेतृत्व का प्रतिफल है। गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा पर विश्वास व्यक्त कर ऐतिहासिक और प्रचंड जीत सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली की देवतुल्य जनता का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

बकौल गुप्ता दिल्ली में डबल इंजन की भाजपा सरकार बनाने के लिये दिल्ली की देवतुल्य जनता ने आज विकास और समृद्धि का ‘कमल’ खिलाकर एक इतिहास रचने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक जनादेश भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा के कुशल सांगठनिक नेतृत्व, गृहमंत्री अमित शाह की कुशल रणनीति और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में भाजपा के असंख्य समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है।
रोहिणी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के रूप में भारी मतों से जीत हासिल करने के बाद विजेंद्र गुप्ता ने रोहिणी में अपनी विजय यात्रा निकाली। उनकी जीत का जुलूस रोहिणी के सेक्टर-15 के एनसीसी भवन से शुरू हुआ और सेक्टर 18 की रेड लाइट, मानव चौक, सेक्टर 15 की C-D डिवाइडिंग रोड, E-F ब्लॉक डिवाइडिंग रोड, बंसल प्रॉपर्टी, एफ ब्लॉक, ए ब्लॉक ड्रेन रोड, सचदेवा स्कूल, नीलकंठ अपार्टमेंट, तुलसी अपार्टमेंट, प्रशांत विहार के बाबोसा मंदिर रोड, डीसी चौक, कैप्टन संजीव दहिया मार्ग, फायर स्टेशन, शिव रोड, सेक्टर 7-8 की डिवाइडिंग रोड और अशोका अपार्टमेंट से होता हुआ सेक्टर 7 के चुनाव कार्यालय पर सम्पन्न हुआ। विजय यात्रा में भाजपा के हजारों समर्पित कार्यकर्ता, संगठन के पदाधिकारी, स्थानीय निवासी और समर्थक शामिल हुए। रास्ते में जगह जगह स्थानीय लोगों ने माला पहनाकर और पुष्प वर्षा के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

विजय यात्रा के अवसर पर जनता जनार्दन को उन्होंने अपना भारी समर्थन देने के लिए धन्यवाद दिया और उनको संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास के नए विजन के कारण ही दिल्ली में भाजपा का 27 साल का वनवास खत्म हुआ है और यहां डबल इंजन की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने एक फिर से आप सरकार के भ्रष्टाचार पर हमला करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल के भ्रष्टाचार और मुख्यमंत्री आतिशी के झूठे वादों के कारण ही आज दिल्ली में आम आदमी पार्टी को सबसे बड़ी पराजय का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि गरीबों और श्रमिकों को राशन तक ना दे सकने वाली सरकार को दिल्ली की जनता ने आईना दिखा दिया है कि जनता का आवाज़ को दबाने वाली पार्टी का क्या हश्र हो सकता है। झूठे वादों और सपनों का कोई वजूद नहीं होता और आम आदमी पार्टी ने झूठे वादे करके दिल्ली की जनता को जो सपने दिखाए थे, वो सब एक न एक दिन तो टूटने ही थे।

गुप्ता ने इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को अपना भारी समर्थन देने के लिए दिल्ली की जनता को बधाई दी और उनका आभार जताते हुए कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में दिल्ली में जो सरकार बनेगी वो पहले दिन से ही भाजपा के संकल्प पत्र के अनुसार लोक कल्याण के लिए और दिल्ली के विकास के लिए काम करना शुरू कर देगी।