मंडी लोकसभा सीट जीतने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को जाता है : कंगना रनौत
Actress Kangana Ranaut defeated her opponent with a huge difference from her constituency Mandi Himachal. She Thanked PM Modi for his guidance and inspiration. मंडी, हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से जीत दर्ज करने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार अभिनेत्री कंगना रनौत ने मंगलवार को कहा कि इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है।
कंगना ने मंडी लोकसभा सीट पर कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह को 74,755 मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल कर ली है।

कंगना ने विधानसभा में विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर, विधायकों, भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता को उन्हें चुनने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को जाता है।
कंगना ने कहा कि लोगों ने पारिवारिक विरासत के खिलाफ और आम जनता के पक्ष में वोट दिया है। उन्होंने कहा कि वह मंडी के लोगों के लिए सच्चे दिल से काम करेंगी।
इस बीच, जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी के मतदाताओं ने कंगना के खिलाफ टिप्पणी करने वालों को जवाब दे दिया है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से ही मोदी तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।

ठाकुर ने कहा कि मंडी लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाले सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को भारी अंतर से जीत मिली है।
केंद्रीय मंत्री भट्ट नैनीताल से जीते
देहरादून, उत्तराखंड में लोकसभा का पहला परिणाम भाजपा के पक्ष में गया जहां केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने उत्तराखंड की नैनीताल-उधमसिंह नगर लोकसभा सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के प्रकाश जोशी पर 3,34,558 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार, भट्ट को जहां 7,72,671 मत मिले वहीं जोशी को केवल 4,38,123 वोट प्राप्त हुए।
केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने नबाम तुकी को हराया
ईटानगर, केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार किरेन रीजीजू ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं कांग्रेस उम्मीदवार नबाम तुकी को मंगलवार को 1,00,738 मत के अंतर से हराकर अरुणाचल पश्चिम लोकसभा सीट पर जीत हासिल की। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।

भाजपा उम्मीदवार को 2,05,417 वोट मिले, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री तुकी को 1,04,679 वोट मिले।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली कैबिनेट में पृथ्वी विज्ञान मंत्री रीजीजू ने 2004, 2014 और 2019 में भी अरुणाचल प्रदेश पश्चिम सीट से जीत हासिल की थी। केंद्रीय मंत्री ने 2019 में 1,74,843 मत के अंतर से यह सीट जीती थी। वह 2009 में कांग्रेस के ताकम संजय से हार गए थे।
इस सीट पर कुल आठ उम्मीदवार मैदान में थे और इसके लिए लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान हुआ था।
लोस चुनाव: राज परिवारों के वंशजों का अच्छा प्रदर्शन, अधिकतर ने बनायी बढ़त
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ रहे राजपरिवारों के वंशजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है और उनमें से अधिकतर अपनी-अपनी सीट पर बड़े अंतर से बढ़त बनाये हुए हैं।
ग्वालियर के पूर्ववर्ती राजघराने के वंशज ज्योतिरादित्य सिंधिया मध्य प्रदेश के गुना लोकसभा सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पर पांच लाख से अधिक मतों से बढ़त बनाये हुए हैं। सिंधिया 2020 में कांग्रेस से अपना 18 साल पुराना नाता तोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री सिंधिया का मुकाबला कांग्रेस के राव यादवेंद्र सिंह से है। सिंधिया (53) के राजनीतिक जीवन में यह पहली बार है कि वह गुना से भाजपा के एक उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं, जिसका प्रतिनिधित्व पहले उनके दिवंगत पिता माधवराव सिंधिया और दिवंगत दादी विजयाराजे सिंधिया कर चुकी हैं।
मध्य प्रदेश में भाजपा सभी 29 सीट पर भारी मतों के अंतर से बढ़त बनाये हुए है।

राजस्थान के तत्कालीन धौलपुर रियासत के राजकुमार दुष्यंत सिंह भी झालावाड़-बारां सीट से कांग्रेस की अपनी प्रतिद्वंद्वी उर्मिला जैन से 3.5 लाख से अधिक मतों से आगे हैं। दुष्यंत सिंह इससे पहले चार बार निर्वाचित हो चुके हैं।
महाराणा प्रताप के वंशज विश्वराज सिंह मेवाड़ की पत्नी महिमा कुमारी मेवाड़ भी राजस्थान की राजसमंद लोकसभा सीट से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के डॉ. दामोदर गुर्जर से लगभग चार लाख मतों से आगे हैं।
राजस्थान में भाजपा ने एक सीट जीत ली है और राज्य की 25 संसदीय सीट में से 13 पर बढ़त बनाये हुए है।
दक्षिण में यदुवीर कृष्णदत्त चामराज वाडियार (31) मैसूरु लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं। उन्होंने अमेरिका से शिक्षा ग्रहण की है और उन्हें 2015 में पूर्ववर्ती मैसूरु राजघराने का प्रमुख बनाया गया था। वह वाडियार राजवंश के 27वें ‘राजा’ हैं। यदुवीर इस सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार एम. लक्ष्मण से 1.3 लाख से अधिक मत से आगे हैं।
ताजा रुझान के अनुसार, कर्नाटक की 28 संसदीय सीट में से भाजपा ने एक सीट जीत ली है और 15 सीट पर आगे है। कांग्रेस ने 10 सीट पर बढ़त बना रखी है।
ओडिशा में, भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहीं मालविका देवी कालाहांडी जिले के शाही परिवार के सदस्य और पूर्व सांसद अर्का केशरी देव की पत्नी हैं। मालविका देवी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजू जनता दल (बीजद) के लंबोदर नियाल से लगभग एक लाख मतों से आगे हैं।
भाजपा ने ओडिशा में अच्छा प्रदर्शन किया है, क्योंकि उसके उम्मीदवार 21 में से 19 सीट पर आगे हैं।
पूर्वोत्तर राज्यों में, त्रिपुरा के पूर्ववर्ती शाही परिवार की सदस्य एवं त्रिपुरा पूर्व सीट पर क्षेत्रीय पार्टी टिपरा मोथा और भाजपा की संयुक्त उम्मीदवार कृति सिंह देबबर्मा अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राजेंद्र रियांग से 4.86 लाख से अधिक मतों से जीत गयी हैं।

वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में हारने वाले पूर्ववर्ती शाही परिवार के उम्मीदवारों में मंडी लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे विक्रमादित्य सिंह भी शामिल हैं। रामपुर राजघराने के वंशज और हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे दिवंगत वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य अपनी प्रतिद्वंद्वी एवं भाजपा की कंगना रनौत से 70,000 से अधिक मतों पिछड़ गए हैं।
एक अन्य शाही उम्मीदवार पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर सीट से राजमाता अमृता रॉय हैं, जो तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की महुआ मोइत्रा से 50,000 से अधिक मतों से पिछड़ गई हैं। अमृता रॉय का विवाह महाराजा कृष्णचंद्र रॉय के परिवार में हुआ है और उन्हें निर्वाचन क्षेत्र में ‘रानी मां’ कहा जाता है।
भाजपा की कलाबेन मोहनभाई देलकर ने दादरा एवं नागर हवेली लोकसभा सीट जीती
दमन, केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नागर हवेली और दमन एवं दीव में दादरा एवं नागर हवेली लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मौजूदा सांसद कलाबेन मोहनभाई देलकर ने कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अजीत महाला को 57,000 मतों के अंतर से चुनाव जीत गये हैं। निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को यह घोषणा की।
इसके अलावा निर्वाचन आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक दमन एवं दीव लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार उमेशभाई पटेल ने भाजपा के अपने प्रतिद्वंद्वी लालू पटेल को 6,225 मतों से हराकर इस सीट पर कब्जा कर लिया है।

दादरा और नगर हवेली में देलकर को 1,21,074 वोट मिले जबकि महाला को 63,490 मत मिले।
देलकर ने 2019 के लोकसभा चुनाव में अविभाजित शिवसेना के टिकट पर इस सीट से उपचुनाव जीता था। बाद में वह भाजपा में शामिल हो गईं थीं।
उनके पति मोहन देलकर के निधन के बाद उपचुनाव कराना पड़ा था।
ओडिशा विधानसभा चुनाव: भाजपा ने आठ सीट जीतीं, 73 पर आगे
भुवनेश्वर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ओडिशा में अब तक आठ विधानसभा सीट पर जीत हासिल की है और 73 अन्य क्षेत्रों में उसके उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है।
आयोग के अनुसार राज्य की कुल 147 विधानसभा सीट में से बीजू जनता दल (बीजद) एक सीट जीत चुकी है जबकि 47 पर आगे है।
कांग्रेस ने एक सीट पर जीत हासिल की है और 13 पर आगे है।
चिल्का विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार पृथ्वीराज हेरचंद्रन ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजद उम्मीदवार रघुनाथ साहू को 4,566 मतों से हरा दिया है, जबकि बरगढ़ विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार अश्विनी कुमार सारंगी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजद नेता के देवेश आचार्य को 4,772 मतों से शिकस्त दी।
झारसुगुड़ा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के टंकधर त्रिपाठी ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजद की दिपाली दास को 1,333 मतों के अंतर से हरा दिया।

राउरकेला विधानसभा सीट पर बीजद उम्मीदवार शारदा प्रसाद नायक ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के दिलीप कुमार रे को 3,552 मतों के अंतर से हराया।
मुख्यमंत्री और बीजद प्रमुख नवीन पटनायक बालांगीर जिले की कांताबंजी विधानसभा सीट पर भाजपा के लक्ष्मण बाग से 3,283 मतों से पीछे हैं। हालांकि पटनायक हिन्जिली सीट पर भाजपा प्रतिद्वंद्वी शिशिर कुमार मिश्रा से 3,861 मतों से आगे हैं। पटनायक ने दो सीट से चुनाव लड़ा था।
चित्रकोंडा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार मंगू खिल्ला ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के डंबरू सिसा को 9,151 मतों के अंतर से हरा दिया।
ओडिशा विधानसभा चुनाव में नवीन पटनायक मंत्रिमंडल के कम से कम आठ मंत्री पीछे हैं।
राजस्थान की उदयपुर सीट से भाजपा के मन्नालाल जीते
जयपुर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार मन्नालाल रावत ने राजस्थान की उदयपुर लोकसभा सीट से जीत दर्ज की है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, भाजपा उम्मीदवार मन्नालाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के ताराचंद मीणा को 2,61,608 मतों से हराया।
मन्नालाल को कुल 7,38,286 मत व ताराचंद मीणा को 4,76,678 मत मिले।
उल्लेखनीय है कि 2019 के आम चुनाव में उदयपुर सीट पर भाजपा के अर्जुनलाल मीणा ने कांग्रेस के रघुवीर सिंह को 4,37,914 मत से हराया था। इस बार दोनों पार्टियों के उम्मीदवार नए थे।
भाजपा ने तेलंगाना में निजामाबाद लोकसभा सीट बरकरार रखी, कांग्रेस ने पेद्दापल्ली सीट जीती

हैदराबाद, भाजपा के मौजूदा सांसद डी अरविंद ने मंगलवार को अपने निकटतम कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी टी जीवन रेड्डी को हराकर तेलंगाना की निजामाबाद लोकसभा सीट एक लाख से अधिक मतों के अंतर से बरकरार रखी।
अरविंद को 5,92,318 वोट मिले, जबकि जीवन रेड्डी को 4,83,077 वोट मिले।
कांग्रेस उम्मीदवार जी वामी कृष्णा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अपने प्रतिद्वंद्वी श्रीनिवास गोमसे को 1,31,364 मतों से हराकर पेद्दापल्ली लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की।
अमृतसर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार गुरजीत सिंह औजला जीते
चंडीगढ़, कांग्रेस उम्मीदवार गुरजीत सिंह औजला ने अमृतसर लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कुलदीप सिंह धालीवाल को हराया। निर्वाचन आयोग से यह जानकारी मिली।
मौजूदा सांसद औजला 40,301 मतों के अंतर से जीते।
पंजाब की 13 लोकसभा सीटों के लिए मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह आठ बजे शुरू हुई।