Celebrated Debutant Producer of “Blockbuster movie “Hanuman Ansh” movie Anupriya reached Haridwar to take blessings from Niranjini Peethadheeshwar Acharya Mahamandaleshwar Swami Kailashanand Giri Ji. Anupriya wants to produce movies on the real lives of Hindu Saints in future. ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद संतों के जीवन पर फिल्म बनाएंगी अनुप्रिया
-स्वामी कैलाशानंद गिरी से भेंट कर संतों के जीवन पर फिल्म बनाने को लेकर चर्चा की
हरिद्वार, बाबा नीब करौरी के जीवन पर आधारित हिंदी फिल्म हनुमान अंश की सफलता के बाद फिल्म की निर्माता अनुप्रिया अब संत-महापुरुषों के जीवन और उनके आध्यात्मिक संदेश को बड़े पर्दे के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने की तैयारी में हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर श्री दक्षिण काली मंदिर में पूजा-अर्चना की और निरंजनी पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी से भेंट कर आशीर्वाद लिया।

अनुप्रिया ने स्वामी कैलाशानंद गिरी के साथ संत-महापुरुषों के जीवन पर फिल्म निर्माण की संभावनाओं को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि हनुमान अंश के निर्माण के दौरान कई तरह की चुनौतियां सामने थीं। फिल्म में किसी बड़े नाम या चर्चित कलाकार के नहीं होने और सीमित बजट में बनने के कारण शुरुआत में इसकी सफलता को लेकर आशंकाएं जताई जा रही थीं। इसके बावजूद फिल्म को दर्शकों का समर्थन मिला और यह लगातार अपनी पहचान बना रही है।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से युवा और जेन-जी वर्ग में फिल्म को मिल रही प्रतिक्रिया उत्साहजनक है। बाबा नीम करौरी के जीवन से जुड़े प्रसंगों को सरल और सहज तरीके से प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया, जिससे दर्शक उनसे जुड़ सके। अनुप्रिया के अनुसार, फिल्म की सफलता ने उन्हें संत-महापुरुषों के जीवन और उनके विचारों पर आगे काम करने के लिए प्रेरित किया है।
उन्होंने कहा कि स्वामी कैलाशानंद गिरी से मुलाकात के दौरान संतों के जीवन,उनकी साधना और समाज को दिए गए संदेशों को फिल्म के माध्यम से प्रस्तुत करने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस दिशा में जल्द ही नए प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने की योजना है।
स्वामी कैलाशानंद गिरी ने अनुप्रिया को आशीर्वाद देते हुए कहा कि हनुमान अंश में बाबा नीम करौरी के जीवन से जुड़े प्रसंगों को जिस सहजता और सरलता के साथ प्रस्तुत किया गया है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि फिल्म ने भक्ति और श्रद्धा का संदेश आम दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि संत-महापुरुषों का जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है। उनके विचारों और जीवन प्रसंगों को आधुनिक माध्यमों के जरिए युवा पीढ़ी तक पहुंचाना सकारात्मक पहल है। उन्होंने अनुप्रिया के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य के कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं।