Meeting of World’s Top entrepreneurs Adani Group chairman Gautam Adani and Chairman CEO of Microsoft Satya Nadella brought a great news to Indian AI and technology sector with Microsoft’s mega investment of 17.5 billion dollars in India. गौतम अदाणी ने सत्य नडेला से की मुलाकात, एआई की अपार क्षमताओं पर हुई चर्चा
अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि वे माइक्रोसॉफ्ट के चेयरमैन और सीईओ सत्य नडेला से मिले और उन्होंने टेक्नोलॉजी के भविष्य को लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की अपार क्षमताओं पर बात की।
गौतम अदाणी की नडेला से यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब माइक्रोसॉफ्ट ने अगले चार वर्षों में भारत में अपने एआई इंफ्रास्ट्रक्चर और क्लाउड कंप्यूटिंग क्षमता का विस्तार करने के लिए 17.5 अरब डॉलर निवेश करने की घोषणा की है।
गौतम अदाणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “सत्य नडेला से मिलना और टेक्नोलॉजी के भविष्य को लेकर उनके बहुमूल्य विचारों को जान पाना हमेशा मेरे लिए खुशी का पल रहा है। एआई के इस युग में जहां फिजिकल और डिजिटल वर्ल्ड तेजी से बदल रहे हैं, हम अपनी 360 डिग्री पार्टनरशिप को आगे बढ़ाने के लिए बेहद उत्साहित हैं।”

अदाणी ने आगे कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से तैयार किए जा रहे एआई ऐप्स का डेमो देखा, जो कि हैंड्स-ऑन लीडरशिप का एक और प्रमाण था, जिसे वास्तव में ग्रेट लीडर के द्वारा प्रदर्शित किया जाता है।
नडेला ने बीते मंगलवार को पीएम मोदी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात को लेकर पीएम मोदी ने कहा था कि जब एआई की बात आती है तो दुनिया भारत को लेकर आशावादी बन जाती है।
उन्होंने एक्स पर लिखा, “सत्य नडेला के साथ एक प्रोडक्टिव बातचीत हुई। यह जानकर बेहद खुशी हो रही है कि माइक्रोसॉफ्ट ने एशिया में अपने सबसे बड़े निवेश के लिए भारत को चुना है। देश के युवाओं को इस अवसर के साथ इनोवेशन करने और एक बेहतर दुनिया तैयार करने के लिए एआई की क्षमताओं का इस्तेमाल करने का लाभ मिलेगा।”
नडेला ने एक्स पर पीएम मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा, “भारत में एआई के अवसरों पर प्रेरणादायक बातचीत करने के लिए धन्यवाद। माइक्रोसॉफ्ट भारत की महत्वाकांक्षाओं को सपोर्ट करते हुए 17.5 अरब डॉलर का निवेश करने जा रहा है, जो कि कंपनी का एशिया में सबसे बड़ा निवेश है। कंपनी की ओर से यह निवेश भारत के एआई फर्स्ट फ्यूचर के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर, स्किल्स और संप्रभु क्षमताओं को बनाने में मदद करने के लिए किया जा रहा है।”
भारत 2030 तक दुनिया का सबसे बड़ा डेवलपर समुदाय बनने की राह पर अग्रसर : सत्य नडेला
माइक्रोसॉफ्ट के चेयरमैन और सीईओ सत्य नडेला ने बुधवार को कहा कि भारत 2030 तक दुनिया की सबसे बड़ी डेवलपर कम्युनिटी बनने की राह पर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने भारत के बढ़ते टैलेंट और नेक्स्ट-जेनरेशन एआई इनोवेशन में देश की उभरती लीडरशिप पर प्रकाश डाला।
‘माइक्रोसॉफ्ट लीडरशिप कनेक्शन’ इवेंट में नडेला ने बताया कि नए टूल्स और प्लेटफॉर्म्स किस प्रकार लोगों के सॉफ्टवेयर बनाने, एप्लीकेशन तैयार करने और मल्टी-एजेंट एआई सिस्टम डिजाइन करने के तरीके को बदल रहे हैं। नडेला ने कहा, “भारत के पास 2030 तक 57.5 मिलियन डेवलपर्स होने का अनुमान है, जो कि देश को वैश्विक स्तर पर एक सबसे बड़ा डेवलपर बेस बनाएगा।”
उन्होंने इसे भारत के लिए एआई का इस्तेमाल कर सामाजिक-स्तरीय सॉल्यूशन के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि भारत में मौजूद डेवलपर्स पहले से ही गिटहब, एज्योर और माइक्रोसॉफ्ट के नए एआई प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल ऐसे एडवांस्ड प्रोजेक्ट्स के लिए कर रहे हैं, जो कि पहले लार्ज स्केल रिसर्च लैब्स तक ही सीमित थे। उन्होंने एआई एप्लीकेशन बनाने के लिए माइक्रोसॉफ्ट के नए टूल चेन के बारे में जानकारी दी, जिसमें ऐपबिल्डर, कोपाइलेट स्टूडियो और फाउंड्राई शामिल है।
नडेला ने सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट के फ्यूचर पर जानकारी देते हुए कहा कि अब फोकस केवल सिंगल एआई मॉडल पर नहीं रह गया है बल्कि एक ऐसे ब्रॉड इकोसिस्टम को तैयार करने पर है, जहां डेवलपर्स अपने लिए एक सही मॉडल को चुन सकें, इसका मूल्यांकन कर सकें और इसे विश्वास के साथ डिप्लॉय कर सकें।
नडेला ने कहा, “माइक्रोसॉफ्ट इस इकोसिस्टम में एक बड़े स्तर पर निवेश कर रहा है, ताकि डेवलपर्स खासकर भारत में मौजूद डेवलपर्स नेक्स्ट-जेनरेशन एप्लीकेशन को तैयार कर सकें। ऐसे एप्लीकेशन जो व्यवसायों द्वारा पहले से इस्तेमाल किए जा रहे डेटा और सिस्टम के साथ आसानी से जुड़ सके।” इस बीच, वैश्विक टेक दिग्गज ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि कंपनी अगले चार वर्षों में भारत में 17.5 अरब डॉलर का निवेश करेगी। यह घोषणा नडेला की पीएम मोदी के साथ बैठक के बाद की गई।