Prime minister Modi will be on a official tour to Andhra Pradesh and Karnataka. PM to inaugurate the state projects worth 17,900 + crores. प्रधानमंत्री शनिवार को आंध्र प्रदेश और कर्नाटक का करेंगे दौरा, 17,900 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की देंगे सौगात
नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 01 अगस्त को आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वह आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगापुरम में 17,900 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वह कर्नाटक के मैसूर में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र ‘विवेक स्मारक’ का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रधानमंत्री सुबह करीब 11 बजे भोगापुरम स्थित अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के यात्री टर्मिनल का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह लगभग 11:30 बजे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत 5,640 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित इस ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे और भोगपुरम में 17,900 करोड़ रुपये से अधिक की अनेक विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस अवसर पर वे सभा को संबोधित भी करेंगे।
60 लाख यात्रियों की वार्षिक क्षमता वाले इस हवाई अड्डे में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), बायोमेट्रिक यात्री प्रसंस्करण, स्वचालित बैगेज प्रणाली और एयरपोर्ट प्रेडिक्टिव ऑपरेशंस सेंटर जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है। इसका स्थापत्य आंध्र प्रदेश की पारंपरिक ‘चुट्टिलु’ झोपड़ियों, अराकू घाटी और उड़ने वाली मछली से प्रेरित है।

प्रधानमंत्री विशाखापत्तनम में 460 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली आंध्र प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर विनिर्माण इकाई की आधारशिला भी रखेंगे। इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत स्वीकृत यह परियोजना एएसआईपी टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड और दक्षिण कोरिया की एपीएसीटी के सहयोग से विकसित की जा रही है। इस संयंत्र में प्रतिवर्ष लगभग 9.6 करोड़ सेमीकंडक्टर चिप्स का उत्पादन होगा और उच्च कौशल वाले रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
इसके अलावा प्रधानमंत्री लगभग 5,550 करोड़ रुपये की लागत वाली कुरनूल-4 अक्षय ऊर्जा क्षेत्र (आरईजेड) फेज-1 ट्रांसमिशन प्रणाली की आधारशिला रखेंगे। वह लगभग 3,550 करोड़ रुपये और 820 करोड़ रुपये की लागत से तैयार विभिन्न विद्युत पारेषण परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। इन परियोजनाओं से कुरनूल और अनंतपुर के अक्षय ऊर्जा क्षेत्रों से उत्पादित बिजली का राष्ट्रीय ग्रिड के माध्यम से देशभर में बेहतर वितरण संभव होगा तथा स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री 1,880 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें एनएच-365बीजी के रेचेरला-गुरुवायगुडेम तथा गुरुवायगुडेम-देवरापल्ले ग्रीनफील्ड चार लेन खंड, एनएच-67 पर ताडीपत्री बाईपास और एनएच-565 पर लिंगसमुद्रम उच्च स्तरीय पुल शामिल हैं। इन परियोजनाओं से विजयवाड़ा सहित कई शहरों में यातायात का दबाव कम होगा, सड़क सुरक्षा बढ़ेगी और विशाखापत्तनम-हैदराबाद के बीच यात्रा समय में कमी आएगी।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे प्रधानमंत्री कर्नाटक के मैसूर स्थित श्री रामकृष्ण आश्रम में निर्मित स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र– विवेक स्मारक का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे सभा को संबोधित भी करेंगे।
यह स्मारक नवंबर 1892 में स्वामी विवेकानंद की मैसूर यात्रा की स्मृति में बनाया गया है। 81,000 वर्ग फुट से अधिक क्षेत्र में फैले इस केंद्र में 4-डी अनुभव केंद्र, प्रदर्शनी हॉल, 700 सीटों वाला एम्फीथिएटर, पुस्तकालय, ध्यान एवं योग कक्ष, सम्मेलन कक्ष तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
यह केंद्र स्वामी विवेकानंद के जीवन, विचार और राष्ट्र निर्माण के संदेश से प्रेरित मूल्य आधारित शिक्षा, नेतृत्व विकास और व्यक्तित्व निर्माण का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे आसपास के शैक्षणिक संस्थानों के 10,000 से अधिक विद्यार्थियों तथा शहरी एवं ग्रामीण युवाओं को व्याख्यान, कार्यशालाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ मिलने की उम्मीद है।