ए री सखी मंगल गावो री
धरती अम्बर सजाओ री
मेरे राम लला घर आए हैं
बस क्या ना कर जाएं कुछ कमी ना रह जाए कुछ भूल ना जाएं सत्कार में . राम लला के स्वागत में बस कुछ भूल ना हो। जैसे जैसे 22 जनवरी 2024 आ रहा है वैसे वैसे दुनिया भर के राम भक्तों के हृदय उद्वेलित हुए जा रहे हैं। Shri Ram Mandir pran-pratistha ceremony Ayodhya 22 January 2024.

प्रभु प्रेम की भाव गंगा ने हर बांध को तोड़ दिया है पूरा विश्व बस राम ही राम नाम में बह रहा है। विश्व भर के साधु संत समाज के अश्रुपुरित नेत्र अब अपनी वर्षों की प्रतीक्षा को विराम देंगे। देश विदेश में लोग अपना सर्वस्व न्यौछावर करने को बाहें फैला राम लला के इंतजार में पलकें बिछाए बैठे हैं कैसे बीतेगा ये पखवाड़ा जो काटे नहीं कटता पर प्रभु को भेजे जाने वाले उपहारों की तैयारी में जरूर से ये समय भी राम भक्तों को कम ही लग रहा है।
हर घर न्योता अक्षत पुष्प के साथ राम सेवक स्वयं जा जा कर दे रहे हैं। नगर कीर्तन और प्रभात फेरी कर राम नाम का गुणगान किया जा रहा है। सनातन के गौरवशाली इतिहास, परंपरा , संस्कारों को हिंदू सिंधु को हर बिंदु पर जगाने को सब निकल पड़े हैं। यह केवल एक प्रयास नहीं अपितु देश में धर्म की पुनर्स्थापना का महापर्व है जिसमे हम सबका मन वचन कर्म से योगदान अपेक्षित है।

आज हम उत्तम प्रदेश न्यूज की ओर से ये विशेष जानकारी सांझा कर रहे हैं की राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर प्रभु के लिए श्री राम परिवार कुटुंब में कहां से क्या कुछ आ रहा है। आप सब से बिनती है आप भी अपने प्रेम भक्ति और भाव के सुंदर मोती प्रभु की निछावर को अवश्य लाएं।

1. राम लला की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होगी. इसके बाद भगवान को विशेष भोग लगाया जाएगा, जिसमें ननिहाल के चावल और ससुराल का मेवा शामिल होगा
2. ननिहाल छत्तीसगढ़ से 3 हजार क्विंटल चावल अयोध्या आएगा. ये अब तक की सबसे बड़ी चावल की खेप होगी, जो अयोध्या पहुंचेगी. इसे छत्तीसगढ़ के जिलों से एकत्र किया गया है.
3. भगवान राम की ससुराल नेपाल के जनकपुर से वस्त्र, फल और मेवा 5 जनवरी को अयोध्या पहुंचेंगे. इसके अलावा उपहारों से सजे 1100 थाल भी होंगे.

4. नेपाल से आभूषण, बर्तन, कपड़े और मिठाइयों के अलावा भार भी आएगा, जिसमें 51 प्रकार की मिठाइयां, दही, मक्खन और चांदी के बर्तन शामिल होंगे.
5. उत्तर प्रदेश के एटा जिले से रामलला के दरबार में अष्टधातु का 21 किलो का घंटा पहुंचेगा. दावा किया जा रहा है कि यह देश का सबसे बड़ा घंटा होगा, जिसकी लागत 25 लाख रुपये है. इसे बनाने में 400 कर्मचारी जुटे हुए हैं.
6. यूपी के एटा से अयोध्या पहुंच रहे घंटे की चौड़ाई 15 फुट और अंदर की चौड़ाई 5 फुट है. इसका वजन 2100 किलो है. इसे बनाने में एक साल का समय लगा है.
7. प्राण प्रतिष्ठा के लिए गुजरात के वडोदरा से 108 फीट लंबी अगरबत्ती अयोध्या भेजी जा रही है, जो बनकर तैयार है. इसे पंचगव्य और हवन सामग्री के साथ गाय के गोबर से बनाया गया है. इसका वजन 3500 किलो है.

8. वडोदरा से अयोध्या पहुंच रही इस अगरबत्ती की लागत पांच लाख से ऊपर है. इसे तैयार करने में 6 महीने का समय लगा है.
9. इस अगरबत्ती को वड़ोदरा से अयोध्या के लिए 110 फीट लंबे रथ में भेजा जाएगा. अगरबत्ती बनाने वाले विहा भरवाड़ ने बताया कि एक बार इसे जलाने पर ये डेढ़ महीने तक लगातार जलती रह सकती है.

10. राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद भगवान की चरण पादुकाएं भी वहां पर रखी जाएंगी. फिलहाल, ये पादुकाएं देशभर में घुमाई जा रही हैं. पादुकाएं 19 जनवरी को अयोध्या पहुंचेंगी. इन्हें हैदराबाद के श्रीचल्ला श्रीनिवास शास्त्री ने तैयार किया है.

11. श्रीचल्ला श्रीनिवास शास्त्री ने इन श्रीराम पादुकाओं के साथ अयोध्या की 41 दिनों की परिक्रमा की थी. इसके बाद इन पादुकाओं को रामेश्वरम से बद्रीनाथ तक सभी प्रसिद्ध मंदिरों में ले जाया जा रहा है और विशेष पूजा की जा रही है.

जय श्री सीताराम