पीलीभीत, उत्तर प्रदेश के जनपद पीलीभीत-टनकपुर हाई-वे पर गुरुवार देररात एक अनियंत्रित कार पेड़ से टकरा कर खाई में गिर गई। दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। पुलिस सभी की पहचान का प्रयास कर रही है।पुलिस के मुताबिक, उत्तराखंड के खटीमा में रहने वाले लोग बारात में शामिल होने के लिए पीलीभीत आए थे। देररात एर्टिगा कार से वापस जा रहे थे।
कार में 11 लोग सवार थे। देररात लगभग 12 बजे न्यूरिया थाने के पास कार पहुंची थी, तभी चालक तेज रफ्तार कार से अपना नियंत्रण खो बैठा। कार अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से टकराई, फिर सड़क से खाई में पलट गई। हादसे में छह लोगों मौत और चार लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।
चित्रकूट में ट्रक-बस में भिड़ंत,छह मरे
चित्रकूट, उत्तर प्रदेश में चित्रकूट जिले के रापुरा क्षेत्र में शुक्रवार भोर बोलेरो कार और ट्रक की आमने-सामने हुई टक्कर में छह लोगों की मृत्यु हो गई जबकि पांच अन्य गंभीर रुप से घायल हो गये।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुये शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज सुबह करीब 5:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 35 पर एक तेज रफ्तार बोलेरो की विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गयी। इस हादसे में बोलेरो सवार नन्हे (65),हरिराम (45),मोहन (45),रामू (45),मांगना (65) और रामस्वरूप यादव की मौके पर ही मौत हो गयी।
उन्होने बताया कि घटना में घायल जमुना (42), फुला (40), राज अहिरवार (18), आकाश (15) और एक अज्ञात को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा व पुलिस अधीक्षक अरुण सिंह ने जिला अस्पताल में घायलों को हाल जाना।
मंडलायुक्त चित्रकूट धाम मंडल बांदा बालकृष्ण त्रिपाठी और पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों का हाल-चाल लिया।