All India Results – अलवर लोकसभा सीट से भाजपा के भूपेन्द्र यादव जीते
जयपुर, राजस्थान लोकसभा चुनाव में अलवर संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार एवं केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने करीब पचास हजार मतों से जीत दर्ज की है।
श्री भूपेन्द्र यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के ललित यादव को 48 हजार 282 मतों से हराया। श्री भूपेन्द्र को छह लाख 31 हजार 992 मत मिले जबकि श्री ललित यादव को पांच लाख 83 हजार 710 वोट मिले। भाजपा ने यह सीट बरकरार रखी है।
इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के फजल हुसैन को 19 हजार 287 , सर्व समाज पार्टी के प्रदीप कुमार को चार हजार 362 एवं निर्दलीय विवेक जैन को 2438 मत मिले जबकि पांच हजार 822 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया।

मैनपुरी में भाजपा को झटका, डिंपल विजयी
मैनपुरी, यादव पट्टी की सबसे महत्वपूर्ण सीटों में से एक उत्तर प्रदेश की मैनपुरी संसदीय सीट पर समाजवादी पार्टी (सपा) उम्मीदवार डिंपल यादव एक बार फिर से रिकॉर्ड मतों से जीतने में सफल हुयी हैं। डिंपल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार और प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को दो लाख 21 हजार 639 मतों से करारी शिकस्त दी है।
मतगणना के पहले चक्र की गिनती से लेकर आखिरी चक्र तक भाजपा उम्मीदवार को कहीं पर भी बढ़त नहीं मिली। अपने खिलाफ आ रहे जनमत से दुखी होकर भाजपा उम्मीदवार जयवीर सिंह दोपहर 12 बजे के आसपास मतगणना स्थल छोड़कर चले गए। वहीं समाजवादी बहू डिंपल यादव अपने सैफई स्थित आवास पर टेलीविजन पर चुनावी नतीजा देखने में व्यस्त बनी रही।
2024 के संसदीय चुनाव के प्रचार के दौरान सपा उम्मीदवार डिंपल यादव को हराने के लिए भाजपा के स्टार प्रचारकों की ओर से किए गए थे लेकिन मतगणना में यह दावे धरे के धरे रह गए।
मैनपुरी संसदीय सीट पर आज तक भाजपा और बहुजन समाज पार्टी को कामयाबी नहीं मिली है। मैनपुरी संसदीय सीट पर यादव मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक है और इसीलिए समाजवादी उम्मीदवार को यहां पर जीत हासिल होती है। मैनपुरी संसदीय सीट से मैनपुरी सदर, भोगांव, किशनी,करहल और जसवंतनगर विधानसभा जुड़ती है।
इटावा जिले की जसवंत नगर विधानसभा से सपा प्रमुख अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव 1996 से लगातार विधायक निर्वाचित होते हुए चले आ रहे हैं, करहल विधानसभा से खुद सपा प्रमुख अखिलेश यादव मौजूदा वक्त में विधायक तो है ही उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भी भूमिका निभा रहे हैं।
नेताजी मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद हुए उपचुनाव में बहू डिंपल यादव को मिली जीत को लेकर भाजपा के बड़े नेता लगातार ऐसा बोलते रहे हैं कि नेता जी के निधन के बाद मिली सहानुभूति की बदौलत डिंपल यादव को जीत मिली है।
मैनपुरी संसदीय सीट पर 2019 के मुकाबले मत प्रतिशत आने को लेकर राजनीतिक विश्लेषक अपने विश्लेषण में मैनपुरी सीट को भाजपा के पक्ष में मान करके चल रहे थे लेकिन जब नतीजा सामने आया तो उनका विश्लेषण धरा का धरा रह गया।

राजस्थान में लोकसभा चुनाव मतगणना में अब तक भाजपा ने आठ एवं कांग्रेस ने एक सीट जीती
जयपुर, राजस्थान में 25 लोकसभा सीटों के चुनाव की मतगणना में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अब तक मिले परिणामों में आठ सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है तथा इतनी सीटों पर बढ़त बनाये हुए है जबकि कांग्रेस ने एक सीट जीतने के बाद सात पर बढ़त बनाये हुए हैं।
इनके अलावा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) , राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) एवं भारतीय आदिवासी पार्टी (बीएपी) का एक-एक उम्मीदवार मतगणना बढ़त बनाये हुए हैं।
भाजपा की जयपुर से उम्मीदवार मंजू शर्मा, जालोर से लुंबाराम चौधरी, राजसमंद से महिमा कुमारी मेवाड़, अजमेर से भागीरथ चौधरी,भीलवाड़ा से दामोदर अगवाल, बीकानेर से अर्जुनराम मेघवाल, झालावाड़ से दुष्यंत सिंह एवं उदयपुर से मन्नालाल रावत चुनाव जीत गये हैं जबकि चित्तौड़गढ़ से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी, जोधपुर से गजेन्द्र सिंह शेखावत सहित छह उम्मीदवार बढ़त बनाये हुए हैं।
इसी तरह कांग्रेस के करौली-धौलपुर से भजन लाल जाटव ने चुनाव जीता जबकि सात उम्मीदवार बढ़त बनाये हुए हैं। सीकर संसदीय क्षेत्र से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के उम्मीदवार अमराराम चौधरी भी चुनाव जीत गए जबकि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के हनुमान बेनीवाल और भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के राजकुमार रोत बढ़त बनाये हुए हैं।
मतगणना में भाजपा ने आठ सीटे जीत ली है और छह पर बढ़त , कांग्रेस ने एक जीती और सात पर बढ़त बना रखी है।

चुनाव परिणाम में देरी को लेकर आयोग से मिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल
नई दिल्ली, कांग्रेस ने कहा है कि चुनाव अपडेट में देरी होने, हर आधा घंटा में राउंड वाइज अपडेट नहीं आने तथा सोनीपत में ईवीएम में खराबी आने संबंधी शिकायत को लेकर पार्टी के प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को चुनाव आयोग से मुलाकात की और समस्या का तत्काल समाधान निकालने का आग्रह किया।
आयोग से मुलाकात के बाद कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी तथा सलमान खुर्शीद ने निर्वाचन सदन के बाहर मौजूद पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि गणना धीमी होने की जानकारी आयोग को दी गई तो आयोग ने उन्हें समझाया कि किस तरह से गिनती में देरी हो रही है, लेकिन वह प्रयास करेंगे कि आगे देरी नहीं हो।
उन्होंने कहा कि आयोग को बताया गया कि हर आधा घंटे में जो अपडेट आने चाहिए थे वह आयोग की वेबसाइट पर नहीं आ रही है और विधानसभा क्षेत्र वाइज अपडेट आने में देरी हो रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा, “चुनाव आयोग ने हमें बताया कि अपडेट होने में टाइम लगता है। जिस सेगमेंट से पहले गणना का अपडेट आता है, उसे पहले दिया जाता है। यह काम असेंबली सेगमेंट के हिसाब से होता है क्योंकि सारी असेंबली सेगमेंट्स का परिणाम एक साथ नहीं दिया जा सकता। जिस सेगमेंट की गणना बाद में होती है, उसके रिजल्ट बाद में दिये जाते हैं लेकिन अपडेट में अब देर नहीं होगी। आयोग के साथ बहुत सौहार्दपूर्ण बातचीत हुई है।”

इससे पहले कांग्रेस नेता जय राम रमेश ने चुनाव परिणाम में अपडेट का मुद्दा उठाते हुए कहा था, “चुनाव आयोग की वेबसाइट और विभिन्न चैनलों पर नतीजे उस गति से क्यों अपडेट नहीं किए जा रहे हैं। पिछले दो घंटों से प्रक्रिया इतनी धीमी क्यों है। गति धीमी करने के आदेश कहां से आए।”
इसके बाद कांग्रेस में सक्रियता बढ़ी और पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग से मिलने गया। आयोग से बैठक के बाद श्री सिंघवी ने बताया कि आयोग के साथ बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई और आयोग ने उन्हें देरी का कारण समझाया। आयोग को सोनीपत में दो विधानसभा क्षेत्र में वोटिंग मशीन की गड़बड़ी को लेकर शिकायत की गई जिस पर आयोग ने कहा कि इस स्थिति में पर्ची का मिलान किया जाता है ताकि वोट की गिनती में कहीं कोई गड़बड़ी न हो।
लोकसभा चुनाव:दलीय स्थिति(1800 बजे)
चुनाव आयोग के अनुसार शाम 18:00 बजे तक दलीय स्थिति इस प्रकार है….
पार्टी……………………………….परिणाम……..बढ़त
भाजपा…………………………………81……….158
कांग्रेस…………………………………35………..64
समाजवादी पार्टी……………………..03………..35
तृणमूल कांग्रेस………………………..02……….27
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा)..02……..02
जनता दल-सेक्युलर………………….02………..00
तेलुगू देशम पार्टी………………………01………15
शिवसेना (यूबीटी)……………………01………08
शिवसेना (शिंदे)……………………..01………06
आम आदमी पार्टी (आप)……………01………02
जम्मू कश्मीर नेशनल कांफ्रेंस…………01………01
द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम………………….00………….22
जनता दल यूनाइटेड…………………..00………….12
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार)..00………….07
लोक जनशक्ति पार्टी………………….00………….05
वाईएसआरसीपी ………………………00………….04
राष्ट्रीय जनता दल (राजद)………….00…………04
निर्दलीय……………………………………02………05
अन्य……………………………………….32……….19
कुल ………………………………………164…..379
राहुल-प्रियंका ने किशोरी की जीत पर जताई खुशी, अमेठी के लोगों का जताया आभार
कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी वाड्रा ने अमेठी से पार्टी उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा की जीत पर खुशी व्यक्त करती हुए उन्हें बधाई दी है और इसके लिए अमेठी की जनता का आभार जताया है।
श्रीमती वाड्रा ने मंगलवार को कहा “किशोरी भैया, मुझे कभी कोई शक नहीं था, मुझे शुरू से यक़ीन था कि आप जीतोगे। आपको और अमेठी के मेरे प्यारे भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई।”
इससे पहले श्री गांधी ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में श्री शर्मा की जीत का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी इस जीत का श्रेय श्रीमती प्रियंका गांधी को जरूर जाता है, जिन्होंने उनको जिताने की जी तोड़ कोशिश की।
उन्होंने कहा कि श्री शर्मा का अमेठी के लोगों से गहरा संबंध रहा है। वह कई दशकों से अमेठी के लोगों से जुड़े हैं, उनकी सेवा कर रहे हैं और उसी का लाभ उन्हें आज मिला है। इसके लिए श्री शर्मा को बधाई देते हुए उन्होंने अमेठी की जनता का आभार व्यक्त किया है।

चुनाव में हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नैतिक हार: खडगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने कहा है कि आज आए लोकसभा चुनाव के परिणाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नैतिक हार हुई है और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जनता से जुड़ने के लिए जो दो यात्राएं की, उसका लाभ कांग्रेस को मिला है।
श्री खडगे ने कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस चुनाव के जो परिणाम सामने आए हैं, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नैतिक हार है। उन्होंने जिस तरह से चुनाव लड़ा, कांग्रेस के घोषणा पत्र के खिलाफ झूठ बोला और लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया, जनता उसे समझ गई थी और उसका जनता ने उन्हें करारा जवाब दिया है।
उन्होंने कहा, “इस चुनाव में कांग्रेस को पार्टी नेता राहुल गांधी की दो यात्राओं का बड़ा लाभ मिला है और इन यात्राओं के कारण हमने लोगों की भावनाओं को समझते हुए जनता के लिए पांच न्याय की बात की और पांच न्याय को लेकर जनता ने अपना निर्णय दिया है।”
श्री खड़गे ने कहा “मोदी सरकार देश का संविधान बदलना चाहती थी और हम जनता को यह समझाने में सफल रहे हैं कि भाजपा यदि 400 के पार होती है तो वह संविधान पर हमला करेगी। खुशी इस बात की है कि हम यह संदेश देने में सफल रहे हैं और आज जो स्थिति बनी है, वह कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी के दिशा निर्देशों के कारण बनी है और इसके लिए मैं उनको धन्यवाद देता हूं।”
उन्होंने इंडिया समूह के नेताओं का भी आभार जताया और कहा कि सभी ने मिलकर एक साथ प्रचार किया। उन्होंने कहा कि अभी लड़ाई अंजाम तक नहीं पहुंची है। हमें लोकतंत्र को बचाने और संविधान की रक्षा के लिए देश की सेवा और सुरक्षा की यह लड़ाई लड़नी है और सुनिश्चित करना है कि संसद सुचारू रूप से चले, विपक्ष के मुद्दों को प्राथमिकता मिले और संसद में विभिन्न मुद्दों पर बहस हो।
कटिहार के किले पर तारिक की फतह
पटना, बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का मजबूत किला रहे कटिहार संसदीय सीट पर कांग्रेस के तारिक अनवर ने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के दुलाल चंद्र गोस्वामी को आज 49863 मतों के अंतर से धूल चटाकर छठी बार फतह का परचम बुलंद किया है।
चुनाव आयोग के अनुसार, कांग्रेस प्रत्याशी श्री अनवर को अंतिम चरण की मतगणना के बाद कुल 567092 मत प्राप्त हुए जबकि जदयू के श्री गोस्वामी को 517229 वोट मिले। इस तरह श्री अनवर ने श्री गोस्वामी को 49863 मतों के अंतर से से पराजित इस सीट पर एक बार फिर कब्जा जमा लिया है।
गौरतलब है कि कटिहार, कदवा, बलरामपुर, प्राणपुर, मनिहारी और बरारी विधानसभा क्षेत्र से मिलकर बने कटिहार संसदीय सीट पर श्री अनवर ने इससे पहले वर्ष 1980, 1984, 1996, 1998 और 2014 जीत दर्ज की थी। इस बार के चुनाव में जीत दर्ज कर वह छठी बार संसद में कटिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।
लोकसभा चुनाव : झारखंड में राजग नौ और ‘इंडिया’ गठबंधन पांच सीट पर आगे
रांची, झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आठ लोकसभा सीट पर और उसकी सहयोगी आजसू पार्टी एक सीट पर आगे है, जबकि कांग्रेस दो और झामुमो तीन सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं।
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय मंत्री एवं मौजूदा सांसद अर्जुन मुंडा खूंटी लोकसभा सीट पर कांग्रेस के कालीचरण मुंडा से लगभग 1.02 लाख मतों से पीछे हैं।
उन्होंने बताया कि सिंहभूम में सातवें चरण की मतगणना के बाद झामुमो की जोबा मांझी भाजपा की अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी गीता कोड़ा से 77,599 मतों से आगे हैं।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शामिल हो गई थीं।
अधिकारियों ने बताया कि पलामू में पहले दौर की मतगणना के बाद पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एवं भाजपा के मौजूदा सांसद वीडी राम राजद उम्मीदवार ममता भुइयां से 1,83,234 मतों से आगे हैं।
दुमका में भाजपा की सीता सोरेन झामुमो के नलिन सोरेन से 5,087 मतों से पीछे हैं। तीन बार झामुमो विधायक रहीं सीता लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शामिल हुई थीं।
पहले चरण की मतगणना के बाद गोड्डा में भाजपा के मौजूदा सांसद निशिकांत दुबे कांग्रेस के अपने प्रतिद्वंद्वी प्रदीप यादव से 24,293 मतों से आगे हैं।
जमशेदपुर में भाजपा के विद्युत बरन महतो झामुमो के सुनील कुमार मोहंती से 1.54 लाख मतों से आगे हैं।
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी कोडरमा में भाकपा (माले) लिबरेशन के विनोद कुमार सिंह से 1.06 लाख मतों से आगे हैं।
हजारीबाग सीट से भाजपा के मनीष जायसवाल कांग्रेस के उम्मीदवार पर 97,480 मतों से बढ़त बनाए हुए हैं। राजमहल (आरक्षित) सीट पर झामुमो के विजय हांसदा भाजपा के ताला मरांडी से 35,258 मतों से आगे हैं।
गिरिडीह में आजसू पार्टी के सीपी चौधरी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी झामुमो के मथुरा महतो से 54,765 मतों से आगे हैं। लोहरदगा में कांग्रेस के सुखदेव भगत भाजपा के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी समीर उरांव से 45,081 मतों से आगे हैं।
धनबाद में भाजपा के डुलू महतो कांग्रेस की अनुपमा सिंह से 92,573 मतों से आगे हैं। रांची में भाजपा के संजय सेठ कांग्रेस की यशस्विनी सहाय से 1.12 लाख मतों से आगे हैं।
चतरा लोकसभा सीट पर भाजपा के कालीचरण सिंह कांग्रेस के के. एन. त्रिपाठी से 56,167 मतों से आगे हैं।
झारखंड में 14 लोकसभा सीट और एक विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। कुल 244 उम्मीदवार मैदान में हैं।
झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने कहा, ‘‘चतरा और कोडरमा में मतगणना के अधिकतम 27-27 दौर होंगे, जबकि खूंटी में 16 दौर होंगे। गांडेय विधानसभा सीट के उपचुनाव में 24 दौर की मतगणना होगी।’’
चाईबासा में एक मतदान कर्मी गर्मी के कारण बेहोश हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया है।
भीलवाड़ा सीट से भाजपा के दामोदर अग्रवाल जीते, कांग्रेस के सीपी जोशी हारे
जयपुर, 04 जून (वेब वार्ता)। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार दामोदर अग्रवाल ने भीलवाड़ा लोकसभा सीट से जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी को 3,54,606 मतों से हराया।
निर्वाचन आयोग के अनुसार भाजपा उम्मीदवार दामोदर अग्रवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 3,54,606 मतों से हराया।
कांग्रेस के डॉ. सीपी जोशी दूसरे स्थान पर रहे जिन्हें 4,53,034 मत मिले। दामोदर अग्रवाल को कुल 8,07,640 मत मिले।
उल्लेखनीय है 2019 के आम चुनाव भीलवाड़ा सीट पर भाजपा के सुभाष चंद बहेड़िया ने 6,12,000 मतों से जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में पार्टी ने बहेड़िया की जगह दामोदर अग्रवाल को मैदान में उतारा।
बिहारः गया से जीतन राम मांझी एक लाख से ज्यादा मतों से जीते
गया, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेकुलर) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को एक लाख से अधिक मतों के अंतर से हराकर गया लोकसभा सीट जीत ली।
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध गया के नतीजे के अनुसार, मांझी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और राजद उम्मीदवार कुमार सर्वजीत को 1,01,812 से अधिक मतों के अंतर से हराया है।
राजग गठबंधन में शामिल हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के संस्थापक मांझी को जहां 4,94,960 वोट मिले, वहीं सर्वजी को 3,93,148 मत हासिल हुए।
मांझी 2019 में जनता दल (यू) के उम्मीदवार से 1.5 लाख से अधिक मतों के अंतर से हार गए थे।
मांझी वर्तमान में इमामगंज सीट से विधायक हैं।