President Of Bharat / India Smt. Draupadi Murmu Ji appointed 13 new Governors across the country for better execution of state law and order and administration. चुनौतियों से भरा रहा पुरोहित का कार्यकाल, कटारिया के सामने भी होंगी वही चुनौती

चण्डीगढ़, असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया अब पंजाब के राज्यपाल एवं चण्डीगढ़ के प्रशासक होंगे। वे बनवारी लाल पुरोहित के स्थान पर कार्यभार ग्रहण करेंगे। बनवारी लाल पुरोहित ने 21 अगस्त, 2021 को पंजाब के राज्यपाल का कार्यभार संभाला। पुरोहित पंजाब में कुल 2 साल 332 दिन राज्यपाल रहे। उन्होंने फरवरी, 2024 में ही अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था लेकिन राष्ट्रपति ने उनका त्यागपत्र स्वीकार नहीं किया था, लिहाजा वे इस पद पर बने हुए थे। नए राज्यपालों की नियुक्ति के साथ ही राष्ट्रपति ने उनका त्यागपत्र स्वीकार कर लिया।

बनवारी लाल पुरोहित का अपने कार्यकाल में कई मुद्दों पर पंजाब की भगवंत मान सरकार के साथ टकराव रहा है। पंजाब में विधानसभा सत्र बुलाये जाने के मुद्दे पर राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री भगवंत मान कई बार आमने-सामने आ गए। पंजाब सरकार ने राज्य के विश्वविद्यालयों में कुलपति या उप कुलपति (वाइस चांसलर) नियुक्त करने के अधिकार राज्यपाल की बजाए स्वयं के पास लेने का प्रस्ताव तक विधानसभा में पारित कर दिया था, जोकि संविधान सम्मत नहीं था।
बनवारी लाल ने राज्यपाल के पद पर रहते हुए कई बार सीमावर्ती जिलों के दौरे किए और नशीले पदार्थों के बढ़ते चलन के मुद्दे पर सरकार को घेरा। दो दिन पहले भी वह अमृतसर, तरनतारन जिलों का दौरा लौटे थे। इस दौरे के पश्चात भी पुरोहित ने नशे और विश्वविद्यालयों के मुद्दे पर सरकार को घेरा था।

नए राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के समक्ष भी पंजाब सरकार के साथ तालमेल बिठाने की बड़ी चनौती होगी। यहीं नही चण्डीगढ़ प्रशासक के पद पर भी कटारिया के समक्ष कई चुनौतियां होंगी। चण्डीगढ़ में इस समय कांग्रेस के सांसद हैं और निगम में आम आदमी पार्टी व कांग्रेस गठबंधन का प्रभुत्व है। जिसके चलते यहां मुफ्त पानी और बिजली दिए जाने के मुद्दे पर विवाद चल रहा है, जिसका सामना आते ही नए प्रशासक को करना पड़ेगा।
रामेन डेका होंगे छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल, देर रात आदेश जारी
रायपुर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार की देर रात 10 राज्यों के राज्यपालों की नई नियुक्ति की है। जिसमें छत्तीसगढ़ भी शामिल है। विश्व भूषण हरिचंदन की जगह रामेन डेका को छत्तीसगढ़ का नया राज्यपाल बनाया गया है। विश्व भूषण हरिचंदन को फिलहाल किसी भी राज्य का प्रभार नहीं मिला है। उन्हें 23 फरवरी 2023 को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त किया गया था।
70 वर्षीय रमन डेका का जन्म 1 मार्च 1954 को हुआ था। वे वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव हैं। वे 1980 से राजनीति में सक्रिय हैं। डेका दो बार भाजपा की टिकट पर सांसद बन चुके हैं। 2009 में वे पहली बार असम की मंगलदोई सीट से सांसद चुने गए थे। इसके बाद 2014 में दोबारा सांसद बने। रमन डेका लोकसभा में अध्यक्षों के पैनल के सदस्य भी थे, साथ ही डेका परामर्श समिति के सदस्य, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की केंद्रीय सलाहकार समिति के सदस्य भी रहे। साथ ही वे विदेश मंत्रालय और विदेश एवं प्रवासी भारतीय मामलों के सदस्य भी रहे। रमन डेका 2006 में असम भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके है।
संतोष गंगवार को झारखंड, लक्ष्मण आचार्य को असम का बनाया राज्यपाल
लखनऊ, भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नौ राज्यपालों की नियुक्ति की, जिसमें उत्तर प्रदेश के दो वरिष्ठ राजनेताओं को अलग-अलग राज्यों में राज्यपाल बनाया गया। उत्तर प्रदेश के बरेली से भाजपा से कई बार सांसद रहे संतोष गंगवार को झारखंड का राज्यपाल बनाया गया है तो वहीं अभी तक सिक्किम के राज्यपाल रहे लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को असम का राज्यपाल बनाया गया है। लक्ष्मण आचार्य पर मणिपुर के राज्यपाल का भी चार्ज दिया गया है। लक्ष्मण आचार्य उत्तर प्रदेश के वाराणसी क्षेत्र के रामनगर के रहने वाले हैं। संतोष गंगवार और लक्ष्मण आचार्य दोनों ही भारतीय जनता पार्टी की संगठन रचना से निकले हुए चेहरे हैं और पार्टी में प्रमुख दायित्व का निर्वहन किया है।
बनारस के लक्ष्मण आचार्य को बनाया गया असम और मणिपुर का राज्यपाल
वाराणसी, भारतीय जनता पार्टी के वाराणसी जिले के सम्मानित नेता लक्ष्मण आचार्य जो अबतक सिक्किम राज्य के गर्वनर रहे, उन्हें असम और मणिपुर का राज्यपाल बनाया गया है। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू की ओर से देश के कई राज्यों के राज्यपालों के पद पर नये महामहिमों को दायित्व सौंपी गई है। भारत के राष्ट्रपति ने पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक के रूप में बनवारीलाल पुरोहित का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। राष्ट्रपति जी ने इसके अलावा हरिभाऊ किसनराव बागड़े को राजस्थान का राज्यपाल, जिष्णु देव वर्मा को तेलंगाना का राज्यपाल, ओम प्रकाश माथुर को सिक्किम का राज्यपाल, संतोष कुमार गंगवार को झारखंड का राज्यपाल, रामेन डेका को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल, सी.एच. विजयशंकर को मेघालय का राज्यपाल, सी.पी. राधाकृष्णन, तेलंगाना के अतिरिक्त प्रभार के साथ झारखंड के राज्यपाल, महाराष्ट्र के राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को पंजाब के राज्यपाल नियुक्त किए गया है और उन्हें केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ का प्रशासक भी नियुक्त किया गया है। सिक्किम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को असम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है तथा उन्हें मणिपुर के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।