Prime Minister Shri Modi addressed the Nation after the historical BJP victory in Bihar Elections today. Home Minister Amit Shah, Nadda and other Top leaders Thanked the state voters,
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत को सुशासन, विकास, जन-कल्याण की भावना और सामाजिक न्याय की जीत बताते हुए कहा है कि यह प्रचंड जीत गठबंधन को नये संकल्प के साथ जनता की सेवा करने की शक्ति प्रदान करेगा।

श्री मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा “सुशासन की जीत हुई है। विकास की जीत हुई है। जन-कल्याण की भावना की जीत हुई है। सामाजिक न्याय की जीत हुई है। बिहार के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार, जिन्होंने 2025 के विधानसभा चुनावों में राजग को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व जीत का आशीर्वाद दिया है। यह प्रचंड जनादेश हमें जनता-जनार्दन की सेवा करने और बिहार के लिए नए संकल्प के साथ काम करने की शक्ति प्रदान करेगा।”
प्रधानमंत्री ने कहा “मैं राजग के प्रत्येक कार्यकर्ता का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अथक परिश्रम किया है। उन्होंने जनता के बीच जाकर हमारे विकास के एजेंडे को सामने रखा और विपक्ष के हर झूठ का मजबूती से जवाब दिया। मैं उनकी हृदय से सराहना करता हूं।”

श्री मोदी ने इस जीत को उत्साह के साथ जनता की सेवा करने का अवसर बताया और कहा “आने वाले समय में हम बिहार के विकास, यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्य की संस्कृति को नयी पहचान देने के लिए बढ़-चढ़कर काम करेंगे। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यहां की युवा शक्ति और नारी शक्ति को समृद्ध जीवन के लिए भरपूर अवसर मिले।”
‘विकसित बिहार’ में विश्वास रखने वाले हर नागरिक की हुई है जीत : शाह
गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत को ‘प्रदर्शन की राजनीति’ की जीत बताते हुए कहा है कि तुष्टीकरण की राजनीति कर लोगों को गुमराह करने वालों को बिहार की जनता ने करारा जवाब दिया है और कहा है कि यह ‘विकसित बिहार’ में विश्वास रखने वाले हर बिहारवासी की जीत है।

श्री शाह ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में शुक्रवार को कहा ‘यह ‘विकसित बिहार’ में विश्वास रखने वाले हर बिहारवासी की जीत है। जंगलराज और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले चाहे किसी भी भेष में आएं, उन्हें लूटने का मौका नहीं मिलेगा। जनता अब अपना जनादेश सिर्फ और सिर्फ ‘प्रदर्शन की राजनीति’ के आधार पर देती है।
उन्होंने कहा “मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं। साथ ही, बूथ स्तर से लेकर राज्य स्तर तक भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को भी सलाम करता हूं जिन्होंने यह परिणाम लाया है। मैं बिहार की जनता और विशेषकर हमारी माताओं-बहनों को आश्वस्त करता हूं कि जिस आशा और विश्वास के साथ आपने मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए को यह जनादेश दिया है, एनडीए सरकार उसे और भी अधिक समर्पण से पूरा करेगी।’
नड्डा ने बिहार में राजग को प्रचंड बहुमत मिलने पर जनता का जताया आभार
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को मिले प्रचंड जनसमर्थन पर बिहार की जनता का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह जनसमर्थन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्ग दर्शन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार की विकासोन्मुखी एवं जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता जनार्दन के विश्वास की मुहर है।

भाजपा अध्यक्ष ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “बिहार की जनता को बहुत-बहुत प्रणाम। जय सिया राम, बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को मिला ऐतिहासिक जनसमर्थन आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की विकासोन्मुखी एवं जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता-जनार्दन के विश्वास की मुहर है। यह प्रचंड बहुमत इसका प्रमाण है कि बिहार के हमारे भाई-बहनों ने महागठबंधन के जंगलराज और भ्रष्टाचार को पूर्णत: नकारकर राजग के सुशासन, स्थिरता और विकास के आयामों को स्वीकारा है। यह अभूतपूर्व जनादेश ‘विकसित बिहार – विकसित भारत’ के हमारे संकल्प को साकार स्वरूप प्रदान करेगा।”
उन्होंने लिखा कि वह इस ऐतिहासिक विजय के लिये राजग दलों के सभी सदस्यों और बिहार के भाजपा के समर्पित एवं कर्मठशील कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई देते हैं और बिहार वासियों का अभिनंदन करते हैं।
बिहार चुनाव के नतीजों से राजग नेता गदगद
बिहार चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रचंड जीत पर पक्ष और विपक्ष की तरफ से नेताओं के मिश्रित बयान आ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राजग की इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए बिहार की जनता को धन्यवाद दिया है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चुनाव परिणाम पर अपने एक्स पोस्ट पर कहा कि बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के के सुशासन और विकास के संकल्प पर अपनी मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक जनादेश यह स्पष्ट करता है कि बिहार ने जातिवाद, जंगलराज और अराजकता की राजनीति को पूरी तरह से नकार दिया है। यह प्रचंड जनादेश एक सुरक्षित, विकसित और प्रगतिशील बिहार के सपनों की जीत है। जनता ने परिवारवाद, भ्रष्टाचार और नकारात्मक राजनीति के ‘लालटेन युग’ की समाप्ति का स्पष्ट संदेश दिया है और विकसित बिहार – विकसित भारत के संकल्प को और अधिक दृढ़ता से आगे बढ़ाने की शक्ति दी है। एनडीए गठबंधन को अपना पुनः आशीर्वाद देने के लिए बिहार की जनता का आभार।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बिहार में सुशासन और विकास की महाविजय हुई है। यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति बिहार की जनता की श्रद्धा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति विश्वास का प्रकटीकरण है। चाहे युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की बात हो, चाहे आधी आबादी को पूरा न्याय दिलाने का संकल्प हो, या फिर हमारे अन्नदाताओं भाई-बहनों की आय बढ़ाने का मुद्दा हो, एनडीए की सरकार हर कसौटी पर खरी उतरी है। उन्होंने कहा, “मैं बिहार की देवतुल्य जनता को प्रणाम करता हूं, जिसने बेहतर भविष्य और विकसित बिहार के लिये राजग को अपना भरपूर समर्थन दिया है। इस जीत से बिहार के विकास को नई गति मिलेगी। सभी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बिहार में राजग की प्रचंड जीत पर कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार अब तक विकास करता आया है, अब यह और भी प्रगति का मार्ग तय करेगा।
भाजपा सांसद एवं गायक मनोज तिवारी ने कहा कि राजग की जीत का कारण एक मात्र मोदी-नीतीश में बिहार की जनता का विश्वास है। उन्होंने कुछ इन शब्दों को बयां करते हुये कहा कि यह जीत है विश्वास की, मोदी नीतीश से आस की, जो बुझी है उस विशेष प्यास की, ये जीत है बिहारियों के अरदास की।
वरिष्ठ भाजपा नेता शहनवाज़ हुसैन ने कहा की बिहार के लोगों के विश्वास पर राजग को वोट कर ऐतिहासिक जीत दिलाने का काम किया है।
बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों को लेकर राजग गठबंधन ‘हम’ पार्टी के प्रमुख एवं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सभी को बधाई देते हुये कहा कि नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बनेंगे।
भाजपा नेता एवं बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने राजग की प्रचंड जीत पर कहा कि जिसका अनुमान था, वही अब नतीजों में बदल रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने डबल इंजन की सरकार पर जो भरोसा जताया है, वह देश को नई दिशा देगा।
बिहार में राजग की जीत पर क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा ने कहा, “जिस तरह से राजग ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की है, उससे लोगों ने पीएम मोदी में अपना विश्वास जताया है।
बिहार चुनाव में राजग की ऐतिहासिक जीत और महागठबंधन की हार पर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, यह जनता का फैसला है और हमे इसे स्वीकार करना होगा।
कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने बिहार चुनाव परिणाम पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, “उन्होंने चुनावों में ‘महत्वपूर्ण’ भूमिका निभाई।”
बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा, “जनता ने जो भी जनादेश दिया है, हम उसे स्वीकार करेंगे। हम इसे भविष्य के लिए नई रणनीति बनाने के लिए एक सबक के रूप में इस्तेमाल करेंगे।”