जयपुर, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यवर्धन राठौड़ ने बुधवार को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा पर निशाना साधते हुए पूछा कि राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अपराध पर वह क्यों नहीं बोलतीं ? National spokesperson of BJP Shri Rajyavardhan Rathore slams Priyanka Gandhi over her silence on crimes against women in Congress governed Rajasthan.

राठौड़ ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”प्रियंका गांधी आज राजस्थान आ रही हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि राजस्थान में जब महिलाओं के खिलाफ अपराध होता है तो वह क्यों नहीं बोलतीं?”
उन्होंने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”राज्य में महिलाओं के खिलाफ करीब दो लाख अपराध हुए हैं और कांग्रेस की ‘राजनीतिक पर्यटन डिवीजन’ इसे कैसे भूल गई।”

प्रियंका गांधी वाद्रा बुधवार को कांग्रेस शासित राजस्थान के झुंझुनू में जनसभा करने वाली हैं। उन्होंने गत शुक्रवार को दौसा में जनसभा की थी।
प्रियंका के दौरे से ठीक पहले आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राठौड़ ने कहा, ”क्या राजस्थान की महिलाएं कांग्रेस पार्टी के लिए सम्मान की पात्र नहीं हैं? यह कथनी व करनी में अंतर है।”

उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का भी आरोप लगाया। जयपुर ग्रामीण से सांसद राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के शासन में कम से कम 350 किसानों ने आत्महत्या की और करीब 19,422 किसानों की जमीनें नीलाम हुई हैं। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के राज में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हुई और पेपर लीक हुए।

उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में भाजपा जीतेगी और सरकार बनाएगी।
राजस्थान में 200 विधानसभा सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना तीन दिसंबर को होगी।
